Source :- LIVE HINDUSTAN

साचेरोम लिमिटेड (Sacheerome Limited) ने अपने IPO निवेशकों को शानदार रिटर्न देकर बाजार में चर्चा बटोरी है। ₹102 के IPO प्राइस पर लिस्ट हुआ यह SME शेयर अब ₹325 के आसपास पहुंच चुका है, यानी निवेशकों का पैसा करीब 3 गुना हो गया। FY26 में कंपनी की आय 44% और मुनाफा 78% बढ़ा है। 

अगर आपने पिछले एक साल में SME शेयरों पर नजर रखी है, तो साचेरोम लिमिटेड (Sacheerome Limited) का नाम जरूर सुना होगा। इस कंपनी ने अपने निवेशकों को ऐसा रिटर्न दिया है, जिसने बाजार में हलचल मचा दी है। जून 2025 में शेयर बाजार में लिस्ट हुई इस SME कंपनी का शेयर अब तक IPO प्राइस से करीब 218% तक उछल चुका है, यानी जिसने IPO में पैसा लगाया था, उसका निवेश तीन गुने के करीब पहुंच गया है। यही वजह है कि अब यह स्टॉक मल्टीबैगर शेयरों की लिस्ट में तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

कंपनी का IPO ₹102 प्रति शेयर के भाव पर आया था। लेकिन, NSE SME प्लेटफॉर्म पर इसकी एंट्री धमाकेदार रही और शेयर ₹153 पर लिस्ट हुआ, जो IPO प्राइस से करीब 50% प्रीमियम था। अब शेयर की कीमत ₹325 के आसपास पहुंच चुकी है। हालांकि, हाल के कुछ हफ्तों में इसमें थोड़ी गिरावट देखने को मिली है, लेकिन लंबी अवधि के निवेशकों के लिए यह अब भी शानदार रिटर्न देने वाला स्टॉक बना हुआ है।

कंपनी के मजबूत फाइनेंशियल नतीजों ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की कुल आय करीब 44% बढ़कर ₹156 करोड़ से ज्यादा हो गई। वहीं, कंपनी का नेट प्रॉफिट लगभग 78% बढ़कर ₹28 करोड़ से ऊपर पहुंच गया। EBITDA यानी ऑपरेटिंग प्रॉफिट में भी 73% की तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। कंपनी का EBITDA मार्जिन भी मजबूत होकर 26% के पार पहुंच गया, जो किसी भी ग्रोथ कंपनी के लिए काफी अच्छा संकेत माना जाता है।

कंपनी का कारोबार मुख्य रूप से फ्रेगरेंस और फ्लेवर यानी खुशबू और स्वाद से जुड़े उत्पादों में है। इसके उत्पाद FMCG, पर्सनल केयर, होम केयर और फूड एंड बेवरेज सेक्टर में इस्तेमाल होते हैं। कंपनी के परफ्यूम और फ्रेगरेंस प्रोडक्ट्स का उपयोग बॉडी केयर, हेयर केयर, फैब्रिक केयर, एयर फ्रेशनर, बेबी केयर और मेन्स ग्रूमिंग जैसे कई उत्पादों में किया जाता है।

साचेरोम लिमिटेड (Sacheerome Limited) ने IPO से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने के लिए करने की योजना बनाई है। कंपनी का मानना है कि इससे उसकी उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और आने वाले वर्षों में ग्रोथ को नई रफ्तार मिलेगी।

IPO के दौरान निवेशकों का उत्साह इतना ज्यादा था कि यह इश्यू करीब 218 गुना सब्सक्राइब हुआ था। यानी जितने शेयर उपलब्ध थे, उससे 218 गुना ज्यादा आवेदन आए। यह किसी भी SME IPO के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। कंपनी का कहना है कि उसकी लगभग 94% कमाई घरेलू बाजार से आती है, जबकि एक्सपोर्ट बिजनेस भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। फ्रेगरेंस सेगमेंट कंपनी की कुल आय में सबसे बड़ा योगदान देता है।

हालांकि, बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि SME शेयरों में जोखिम भी ज्यादा होता है, क्योंकि इनमें उतार-चढ़ाव तेज हो सकता है। इसलिए निवेशकों को केवल तेजी देखकर निवेश नहीं करना चाहिए, बल्कि कंपनी के बिजनेस मॉडल, ग्रोथ और वैल्यूएशन को भी समझना जरूरी है। लेकिन फिलहाल Sacheerome उन चुनिंदा SME कंपनियों में शामिल हो गई है, जिसने कम समय में निवेशकों को शानदार रिटर्न देकर सबका ध्यान खींच लिया है।

डिस्क्लेमर- यह स्टोरी केवल एजुकेशन उद्देश्यों के लिए है। निवेश संबंधी कोई भी निर्णय लेने से पहले कृपया निवेश सलाहकार से परामर्श लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN