Source :- LIVE HINDUSTAN

गर्मियों के मौसम में कुछ ठंडा-ठंडा खाने के लिए मिल जाए तो मजा आ जाता है। ऐसे में क्यों ना आप आम से बनी ठंडी और टेस्टी रसमलाई का मजा लें। इसे बनाना भी काफी आसान है, तो चलिए कड़ाही में बनने वाली मैंगो रसमलाई की रेसिपी बताते हैं।

Mango Rasmalai Recipe: गर्मियों के मौसम में ठंडी-ठंडी रसमलाई खाना हर किसी को पसंद होता है। बाजार से दूध वाली रसमलाई आती है और सब मजे से खा लेते हैं। इन दिनों आम का सीजन है, तो क्यों ना आप आम वाली रसमलाई का स्वाद भी चख लें। जी हां, आम से भी रसमलाई बन सकती है और इसे बनाना कोई रॉकेट साइंस जैसा भी नहीं है। आप घर की कड़ाही में आम वाली रसमलाई बना सकते हैं और मजे से खा भी सकते हैं। हलवाई की तरह ये रसमलाई भी सॉफ्ट और स्पंजी बनेगी, जो मुंह में जाते ही घुल जाएगी। तो चलिए इसकी सरल रेसिपी हम आपको बताते हैं।

मैंगो रसमलाई के लिए क्या-क्या चाहिए

-3-4 पके हुए आम

-50 ग्राम पनीर

-2-3 चम्मच चीनी

-आधा कप सूजी

-केसर के कुछ धागे

-आधे से कम चम्मच इलायची पाउडर

-आधा कप दूध

1 लीटर दूध घोल के लिए

आम से बनाएं रसमलाई

सबसे पहले आपको आम के पल्प को निकाल लें और इसे पनीर के साथ मिक्सी में ग्राइंड कर लें। इसे बिल्कुल स्मूद पेस्ट की तरह बनाना होगा। अब थोड़े पल्प को एक कटोरी में रखकर किनारे कर दें और बाकि पल्प को कड़ाही में डाल लें। अब इसमें माप के अनुसार चीनी, सूजी, दूध, केसर के धागे, इलायची पाउडर को डालकर अच्छे से चलाएं। इसे आपको तब तक चलाना पड़ेगा, जब तक कड़ाही से ये बिल्कुल छूटकर अलग न होने लगे। फिर इसे हल्का ठंडा होने दें और इससे छोटे-छोटे लड्डू या टिक्की के शेप में रसमलाई बनाएं।

लड्डू को स्टीम कर लें

आपने जो आम से लड्डू या टिक्को बनाएं हैं, उन्हें स्टीम भी करना पड़ेगा। स्टीम करने के लिए आप एक भगोने में पानी रखें और ऊपर से जाली वाली थाली रख दें। इस पर आम के लड्डू को रखकर करीब 10 मिनट तक स्टीम कर लें। बस फिर आपके लड्डू रेडी हो जाएंगे।

दूध से बनाएं घोल

अब आप 1 लीटर दूध को कड़ाही में पकने के लिए डाल दें। इसे तब तक पकाएं, जब तक गाढ़ापन न दिखने लगे। अब इसमें आप आधा कप चीनी फिर से डालें और केसर के धागे, इलायची पाउडर भी डालकर चलाएं। जब दूध गाढ़ा हो जाएगा, तब गैस बंद कर दें। अब बचे हुए आम के पल्प को इसमें मिला दें। इससे इसका कलर येलो हो जाएगा और ये स्वादिष्ट घोल बनकर रेडी हो जाएगा। अब स्टीम किए हुए लड्डू को इस घोल में डाल दें। बस आपकी मैंगो रसमलाई बनकर तैयार हो जाएगी। इसे फ्रिज में रखकर ठंडा कर लें और फिर मजे से ठंडी-ठंडी खाएं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN