Source :- LIVE HINDUSTAN

Doodh Halwa: मीठे में कुछ अलग और टेस्टी खाने का मन है तो एक बार ये दूध का हलवा जरूर ट्राई करें। बनाने में सिंपल है और मुंह में रखते ही घुल जाता है। इसका दानेदार स्वाद एक बार चख लेंगे तो सूजी, मूंग दाल या बेसन के हलवे को भूल जाएंगे।

अगर आपको भी मीठा खाने की क्रेविंग अक्सर होती रहती है, तो एक बार ये दूध हलवा जरूर ट्राई करें। सूजी, बेसन और मूंग दाल का हलवा तो आपने खूब खाया होगा, लेकिन ये दूध हलवा इतना टेस्टी होता है कि आप ये रेसिपी बार-बार ट्राई करेंगे। इसका क्रीमी और रिच टेस्ट मुंह में जाते ही घुल जाता है। हालांकि दूध हलवा बनने में थोड़ा टाइम जरूर लेता है क्योंकि इसमें दूध को गाढ़ा कर के पकाना होता है। लेकिन एक बार इसे बनाकर चख लेंगे तो फिर सूजी, मूंग दाल हलवे का स्वाद आपको फीका लगने लगेगा। दूध हलवे की रेसिपी बिल्कुल सिंपल है, बस आपको छोटी-छोटी टिप्स और किस चीज को कितनी मात्रा में डालना है; इन बातों का ध्यान रखना है। तो चलिए फटाफट से इसकी रेसिपी देख लेते हैं।

दूध हलवा बनाने के लिए सामग्री

रिच और क्रीमी टेस्ट वाला दूध हलवा बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- फुल क्रीम दूध (1 लीटर), इलायची पाउडर (आधा चम्मच), चीनी (आधा कप/ स्वादानुसार) और देसी घी (1 चम्मच)।

मुंह में घुल जाएगा दानेदार दूध का हलवा, देखें विधि

दूध का हलवा बनाने के लिए सबसे पहले तो आपको गाढ़ा दूध लेना है। जितना गाढ़ा दूध होगा हलवा उतना ही रिच एंड क्रीमी बनेगा, साथ ही गाढ़ा दूध पकने में भी ज्यादा टाइम नहीं लेता। अगर आप पैकेट वाला दूध लेते हैं तो एक लीटर के करीब फुल क्रीम दूध ले सकते हैं, इसमें बहुत ही अच्छा हलवा बन जाएगा। दूध को एक पैन में डालकर गैस पर चढ़ा दें। इसे चलाते हुए तब तक पकाएं, जब तक ये आधा नहीं हो जाता।

अब जैसे ही दूध पकते-पकते आधा हो जाए, तो इसमें आधा चम्मच इलायची पाउडर एड कर दें। अगर आपको इलायची की खुशबू और फ्लेवर पसंद नहीं है तो आप इसे स्किप भी कर सकते हैं। इसके अलावा दूध में स्वादानुसार चीनी मिलाएं। अब दूध को लगातार चलाते हुए लो टू मीडियम फ्लेम पर गाढ़ा होने तक पकाते रहें।

दूध को तब तक पकाएं जब तक ये बिल्कुल गाढ़ा ना हो जाए। जैसे-जैसे दूध गाढ़ा होने लगेगा, इसमें दानेदार सा टेक्चर आना शुरू हो जाएगा। इसी स्टेज पर आपको इसमें एक चम्मच देसी घी भी मिला देना है। घी मिलाने से इसकी खुशबू और टेक्चर और भी बढ़िया हो जाते हैं। अब दूध को लगातार चलाते हुए दो से तीन मिनट के लिए और पका लें। ध्यान रहे दूध गाढ़ा होने लगता है तो बर्तन की तली से चिपकना शुरू कर देता है। इसलिए इसे चलाते रहना बहुत जरूरी होता है।

बस अब जैसे ही ये एकदम गाढ़ा और दानेदार हो जाए, तो गैस की फ्लेम को बंद करें। दूध का हलवा बनकर तैयार है। वैसे तो ये ऐसे भी खूब टेस्टी लगता है, लेकिन आप चाहें तो ऊपर से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स एड कर सकते हैं। इन्हें पहले घी में भून लेंगे तो और भी अच्छा टेस्ट आएगा।

(Credit- @cookwithborosha_You Tube)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN