Source :- LIVE HINDUSTAN
ऑटो कंपोनेंट्स और इक्विपमेंट इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल के शेयरों में गुरुवार को अच्छी तेजी आई है। कंपनी के शेयर 52 हफ्ते की नई ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल के शेयर गुरुवार को BSE में इंट्राडे के दौरान 7 पर्सेंट से अधिक की तेजी के साथ 155.25 रुपये पर पहुंच गए। कारोबार के आखिर में कंपनी के शेयर 151.70 रुपये पर बंद हुए हैं। संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल अपने शेयरधारकों को 11 बार बोनस शेयर का तोहफा दे चुकी है।
100 शेयर के बढ़कर हो गए 8649 शेयर
संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल ने साल 1997 से लेकर अब तक अपने निवेशकों को 11 बार बोनस शेयर दिए हैं। कंपनी ने हर बार 1:2 के रेशियो में बोनस शेयर बांटे हैं। यानी, कंपनी ने हर 2 शेयर पर 1 बोनस शेयर दिया है। संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल ने 1997, 2000, 2005, 2007, 2012, 2013, 2015, 2017, 2018, 2022 और 2025 में बोनस शेयर दिए हैं। अगर किसी व्यक्ति के पास साल 1997 में संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल के 100 शेयर रहे होंगे और उस व्यक्ति ने अब तक कंपनी के शेयर अपने पास बनाए रखे होंगे तो उन शेयरों की कुल संख्या अब बढ़कर 8649 शेयर पहुंच गई है।
34% उछल गए हैं संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल के शेयर
ऑटो कंपोनेंट्स एंड इक्विपमेंट इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल के शेयर पिछले 3 महीने में 34 पर्सेंट चढ़ गए हैं। संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल के शेयर 25 मार्च 2026 को 113.15 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 25 जून 2026 को 151.70 रुपये पर बंद हुए हैं। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 12 पर्सेंट का उछाल आया है। अगर पिछले एक साल की बात करें तो कंपनी के शेयर 48 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। पिछले 6 महीने में कंपनी के शेयरों में 27 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 155.25 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 89.69 रुपये है।
चौथी तिमाही में कंपनी को हुआ 1497 करोड़ रुपये का मुनाफा
संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल को 31 मार्च 2026 को खत्म हुई तिमाही में 1497 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड मुनाफा हुआ। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 1024 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। यानी, सालाना आधार पर कंपनी का मुनाफा 46 पर्सेंट बढ़ा है। वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में ऑपरेशंस से मिलने वाला कंपनी का रेवेन्यू 32,356 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले कंपनी का रेवेन्यू 8 पर्सेंट बढ़ा है। वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 30,028 करोड़ रुपये था। तिमाही आधार पर संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल का टैक्स भुगतान के बाद मुनाफा 43 पर्सेंट बढ़ा है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




