Home rss business hindi 11 बार बोनस शेयर दे चुकी है कंपनी, रिजल्ट के बाद शेयर...

11 बार बोनस शेयर दे चुकी है कंपनी, रिजल्ट के बाद शेयर धड़ाम, 80% से ज्यादा एक्सपर्ट बोले-खरीदो शेयर

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल के शेयर शुक्रवार को इंट्राडे के दौरान 8% से अधिक की गिरावट के साथ 152.80 रुपये पर पहुंच गए
  • कंपनी का कवरेज करने वाले 26 एनालिस्ट्स में से 80% से ज्यादा ने कंपनी के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है

घरेलू बाजार में तूफानी तेजी के बाद भी ऑटो कंपोनेंट एंड इक्विपमेंट इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल के शेयर बिखर गए हैं। कंपनी के शेयर शुक्रवार को BSE में इंट्राडे के दौरान 8 पर्सेंट से अधिक की गिरावट के साथ 152.80 रुपये पर पहुंच गए। कारोबार के आखिर में कंपनी के शेयर 158.60 रुपये पर बंद हुए। चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही के नतीजों के बाद संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल के शेयरों में यह गिरावट आई है। शेयरों में गिरावट के बावजूद संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल का कवरेज करने वाले 26 एनालिस्ट्स में से 80 पर्सेंट से ज्यादा ने कंपनी के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। यानी, इन एनालिस्ट्स ने संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल के शेयरों को बाय रेटिंग दी है। यह बात सीएनबीसी-टीवी 18 की एक रिपोर्ट में कही गई है। कंपनी अपने शेयरधारकों को 11 बार बोनस शेयर दे चुकी है।

CLSA ने दिया है 217 रुपये का टारगेट
ब्रोकरेज हाउस सीएलएसए (CLSA) ने संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल के शेयरों को आउटपरफॉर्म रेटिंग दी है और कंपनी के शेयरों के लिए टारगेट प्राइस को 190 रुपये से बढ़ाकर 217 रुपये कर दिया है। कंपनी के शेयरों के लिए यह हाइएस्ट टारगेट है। विदेशी ब्रोकरेज हाउस जेपी मॉर्गन ने भी संवर्धन मदरसन पर ओवरवेट रेटिंग दी है। ब्रोकरेज हाउस ने कंपनी के शेयरों के लिए 205 रुपये का टारगेट दिया है। कंपनी का कवरेज करने वाले 26 एनालिस्ट्स में से 21 ने इसके शेयरों के लिए बाय रेटिंग दी है। वहीं, 2 एनालिस्ट ने होल्ड रेटिंग और एक ने कंपनी के शेयरों को बेचने की सलाह दी है।

कुछ ऐसे रहे कंपनी के सितंबर तिमाही के नतीजे
चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल ने अब तक का सबसे ज्यादा तिमाही रेवेन्यू हासिल किया है। सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 8.6 पर्सेंट बढ़कर 38,280 करोड़ रुपये रहा है, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 35,244 करोड़ रुपये था। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल का मुनाफा बढ़कर 1175 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 1032 करोड़ रुपये था। सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी का इबिट्डा 8.4 पर्सेंट बढ़कर 3096 करोड़ रुपये रहा है।

11 बार बोनस शेयर बांट चुकी है कंपनी
संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल (Samvardhana Motherson) अपने शेयरधारकों को अब तक 11 बार बोनस शेयर दे चुकी है। मल्टीबैगर कंपनी ने यह बोनस शेयर साल 1997 से लेकर अब तक दिए हैं। संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल ने अपना पिछला बोनस शेयर जुलाई 2025 में दिया है, तब कंपनी ने 1:2 के रेशियो में बोनस शेयर दिए हैं। यानी, कंपनी ने हर 2 शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा। संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल ने हर बार 1:2 के अनुपात में ही बोनस शेयर दिए। कंपनी ने साल 1997, नवंबर 2000, फरवरी 2005, अगस्त 2007, अक्टूबर 2012, दिसंबर 2013, जुलाई 2015, जुलाई 2017, अक्टूबर 2018, अक्टूबर 2022 और जुलाई 2025 में बोनस शेयर दिए हैं। संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल दो बार अपने शेयर का बंटवारा भी कर चुकी है। कंपनी ने अक्टूबर 2002 में शेयर को 2 टुकड़ों में बांटा, तब कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर को 5-5 रुपये फेस वैल्यू वाले 2 शेयरों में बांटा। मल्टीबैगर कंपनी ने मार्च 2004 में अपने शेयर को 5 टुकड़ों में बांटा। कंपनी ने 5 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 1-1 रुपये फेस वैल्यू वाले 5 शेयरों में बांटा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN