Home rss entertainment hindi मनोरंजन समाचार 32 साल बाद अक्षय कुमार-रवीना टंडन की ‘मोहरा’ होगी री-रिलीज, आज भी...

32 साल बाद अक्षय कुमार-रवीना टंडन की ‘मोहरा’ होगी री-रिलीज, आज भी हिट हैं ब्लॉकबस्टर फिल्म के गाने

5
0

Source :- KHABAR INDIATV

1994 की एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘मोहरा’ अपनी पहली रिलीज के 32 साल बाद फिर से सिनेमाघरों में आ रही है। त्रिमूर्ति फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड की घोषणा के अनुसार राजीव राय की यह फिल्म 6 नवंबर 2026 को 4K रीमास्टर्ड वर्जन में बड़े पर्दे पर वापस आएगी। अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और रवीना टंडन अभिनीत यह फिल्म उसी समय सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जब रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की मुख्य भूमिकाओं वाली ‘रामायण’ भी 5 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। एक्शन, सस्पेंस, स्टार पावर और हिट संगीत के मेल ने ‘मोहरा’ को 1994 की सबसे बड़ी हिंदी फिल्मों में से एक बना दिया। उस साल ‘हम आपके हैं कौन..!’ के बाद यह दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनी।

32 साल बाद फिर रिलीज होगी ‘मोहरा’

यह फिल्म पहली बार 1 जुलाई 1994 को रिलीज हुई थी और अपने समय की यादगार एक्शन फिल्मों में से एक बन गई थी। त्रिमूर्ति फिल्म्स ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर इस री-रिलीज का टीजर जारी किया है। इसके डिटेल्स में लिखा है, ‘सत्ता और धोखे के इस खतरनाक खेल में कोई भी मोहरा बन सकता है। उन उतार-चढ़ावों, रोमांच और गानों का अनुभव करें, जिन्होंने मोहरा को यादगार बना दिया! ‘मोहरा’ के 32 साल पूरे होने का जश्न मनाएं- 6 नवंबर 2026 से अपने नजदीकी सिनेमाघरों में।’

‘रामायण’ के साथ मोहरा फिल्म टकराएगी?

अक्षय कुमार और रवीना टंडन की फिल्म ‘मोहरा’ का रीस्टोर्ड वर्जन 6 नवंबर को रिलीज होगा। राजीव राय के निर्देशन में बनी यह फिल्म 1994 में एक ब्लॉकबस्टर हिट रही थी। फिल्म के मेकर्स इसके 32 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए इसे दिवाली पर फिर से रिलीज कर रहे हैं, जो ‘रामायण’ की रिलीज के दूसरे दिन दस्तक देगी।

‘मोहरा’ की कहानी

बॉलीवुड एक्शन थ्रिलर ‘मोहरा’ का निर्देशन राजीव राय ने किया है और इसे ‘त्रिमूर्ति फिल्म्स’ के बैनर तले गुलशन राय ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म की कहानी विशाल अग्निहोत्री (सुनील शेट्टी) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी पत्नी की हत्या के मामले में जेल में बंद है और न्याय पाना चाहता है। पत्रकार रोमा सिंह (रवीना टंडन) उसे जेल से बाहर निकालने में मदद करती हैं, लेकिन जल्द ही विशाल ताकतवर जिंदल (नसीरुद्दीन शाह) के लिए काम करने लगता है, जो अपराधियों को ठिकाने लगाने के लिए उसका इस्तेमाल करता है। जब इंस्पेक्टर अमर सक्सेना (अक्षय कुमार) इन हत्याओं की जांच करते हैं तो एक गहरी साजिश सामने आती है। इस तरह बदला, वफादारी और धोखे की भावनाएं इस कहानी का मुख्य हिस्सा बन जाती हैं।

‘मोहरा’ की धांसू कास्ट

फिल्म में कई जाने-माने कलाकार शामिल थे, जिनमें परेश रावल, गुलशन ग्रोवर, रजा मुराद, सदाशिव अमरापुरकर, पूनम झावर और कुलभूषण खरबंदा प्रमुख हैं। इनके अलावा, प्रिया तेंदुलकर, अवतार गिल, कुनिका सदानंद, तेज सप्रू और विश्वजीत प्रधान भी सहायक भूमिकाओं में नजर आए थे।

आज भी हिट हैं ‘मोहरा’ के गाने 

‘मोहरा’ की सफलता में इसके गानों का बड़ा योगदान था। विजू शाह के संगीत से सजे इस फिल्म में ‘तू चीज बड़ी है मस्त मस्त’ और ‘टिप टिप बरसा पानी’ जैसे सुपरहिट गाने थे। पहला गाना उदित नारायण और कविता कृष्णमूर्ति ने, जबकि दूसरा अलका याग्निक और उदित नारायण ने गाया था। अन्य लोकप्रिय गानों में ‘ना कजरे की धार’, ‘सुबह से लेकर’, ‘दिल हर कोई’ और ‘काश कहीं ऐसा होता’ शामिल है। इसके बोल आनंद बख्शी, इंदीवर और समीर ने लिखे थे।

ये भी पढ़ें – ‘हैवान’ की बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत, अक्षय कुमार-सैफ अली खान की फिल्म ने पहले दिन कमाए 3 करोड़

Latest Bollywood News

SOURCE : KHABAR INDIATV