Home BUSINESS NEWS HINDI 5 फ्री शेयर बांट चुकी है कंपनी, अब 52 हफ्ते की नई...

5 फ्री शेयर बांट चुकी है कंपनी, अब 52 हफ्ते की नई ऊंचाई पर जा पहुंचा शेयर

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

नायका की कंपनी एफएसएन ई-कॉमर्स वेंचर्स ने अपना FY30 विजन पेश किया है। शेयर बाजार और निवेशकों को कंपनी का ग्रोथ रोडमैप काफी पसंद आया। ग्रोथ रोडमैप सामने आने के ठीक बाद नायका के शेयर 52 हफ्ते की नई ऊंचाई पर पहुंच गए। कंपनी के शेयर गुरुवार को BSE में इंट्राडे के दौरान 8 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 303.75 रुपये पर जा पहुंचे। कारोबार के आखिर में कंपनी के शेयर 298.10 रुपये पर बंद हुए हैं। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 191.20 रुपये है। ब्यूटी और फैशन रिटेलर नायका अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर का तोहफा भी दे चुकी है।

3 गुना तक रेवेन्यू ग्रोथ का टारगेट
नायका (Nykaa) ने अपने एनुअल इनवेस्टर डे 2026 के बाद एक रिलीज में कहा कि वित्त वर्ष 2030 तक ब्यूटी एंड लाइफस्टाइल बिजनेस को 5 बिलियन डॉलर ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (GMV) से ज्यादा का बनाने का लक्ष्य है। कंपनी 2-3 गुना रेवेन्यू ग्रोथ डिलीवर करना चाहती है, जिससे 4-5 गुना इबिट्डा ग्रोथ देखने को मिलेगी। कंपनी ने कहा है कि भारत, दुनिया के सबसे आकर्षक प्रीमियम कंजम्प्शन मार्केट्स में से एक के रूप में उभर रहा है और नायका ब्यूटी, फैशन, कंज्यूमर ब्रांड्स, रिटेल और B2B डिस्ट्रीब्यूशन में इस मौके का फायदा उठाने की बेहतर स्थिति में है। कंपनी ने बताया है कि मौजूदा समय में वह 100 बिलियन डॉलर से ज्यादा के लाइफस्टाइल मार्केट की जरूरतों को पूरा करती है और ब्यूटी, वेलनेस और दूसरी कैटेगरीज में 55 मिलियन उपभोक्ताओं को सेवाएं पहुंचाती है। पिछले 6 साल में नायका की ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू 7 गुना से ज्यादा बढ़ गई है। वहीं, ब्यूटी 6 गुना, फैशन 27 गुना और हाउस ऑफ नायका 10 गुना बढ़ा है।

क्या बोलीं नायका की CEO?
नायका की एग्जिक्यूटिव चेयरपर्सन, फाउंडर और सीईओ फाल्गुनी नायर ने कहा, ‘अगला दशक देश की लाइफस्टाइल इकनॉमी के लिए निर्णायक होगा। वित्त वर्ष 2036 तक भारत 8-10 ट्रिलियन डॉलर वाली इकनॉमी की तरफ बढ़ेगा, ऐसे में बढ़ती सपन्नता, डिजिटल एडॉप्शन और उभरती महत्वाकांक्षाएं ब्यूटी, फैशन और लाइफस्टाइल पर किए जाने वाले खर्च को बढ़ावा देंगी। बढ़ते हुए मौकों की वजह से हम वित्त वर्ष 2036 तक कुल 200 मिलियन कंज्यूमर्स को अपनी सेवाएं देने के लिए मजबूत स्थिति में होंगे।’

5 बोनस शेयर बांट चुकी है नायका
नायका की पैरेंट कंपनी एफएसएन ई-कॉमर्स वेंचर्स अपने निवेशकों को फ्री शेयर (बोनस शेयर) का तोहफा भी दे चुकी है। कंपनी ने नवंबर 2022 में अपने शेयरधारकों को 5:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 5 बोनस शेयर बांटे।

चौथी तिमाही में 78 करोड़ रुपये का मुनाफा
नायका को 31 मार्च 2026 को खत्म हुई चौथी तिमाही में 78 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड मुनाफा हुआ है। चौथी तिमाही में कंपनी के मुनाफे में 286 पर्सेंट का जोरदार उछाल आया है। नायका को एक साल पहले की समान अवधि में 20 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। 31 मार्च 2026 को खत्म हुई तिमाही में नायका का रेवेन्यू सालाना आधार पर 28 पर्सेंट बढ़कर 2,648 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 2062 करोड़ रुपये था। नायका की ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू में सालाना आधार पर 28 पर्सेंट का उछाल आया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN