Source :- LIVE HINDUSTAN
आईपीओ मार्केट में इन दिनों काफी हलचल है। बीते कुछ महीनों से अलग-अलग सेक्टर की कंपनियां अपना आईपीओ या तो लॉन्च कर रही हैं या सेबी से मंजूरी मांग रही हैं। इसी कड़ी में सुनील सिंघानिया की कंपनी अबाकस एसेट मैनेजर लिमिटेड ने भी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) जमा किया है। यह आईपीओ पूरी तरह से 1.5 करोड़ शेयरों का ऑफर-फॉर-सेल (OFS) होगा, जिन्हें प्रमोटर ‘अबाकस एक्सपर्ट प्रोफेशनल’ बेचेगा। शेयरों की यह संख्या कंपनी में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। एक्सिस कैपिटल, ICICI सिक्योरिटीज, IIFL कैपिटल और JM फाइनेंशियल इस इश्यू के लिए लीड मैनेजर के तौर पर काम कर रहे हैं।
कंपनी के बारे में
DRHP के अनुसार कंपनी अपने अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट फंड, पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विस (PMS), म्यूचुअल फंड, प्राइवेट इक्विटी फंड, ऑफशोर और अन्य प्रोडक्ट्स के जरिए ₹40,000 करोड़ से अधिक की औसत संपत्ति मैनेज करती है। दिसंबर 2025 में म्यूचुअल फंड सेक्टर में कदम रखा था। हाल ही में कंपनी ने ₹10,000 करोड़ के एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) का आंकड़ा भी पार किया है।
2018 में वजूद में आई कंपनी
इस कंपनी की स्थापना 2018 में सुनील बनवारीलाल सिंघानिया ने की थी। उन्हें एसेट मैनेजमेंट और इक्विटी इन्वेस्टिंग में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। सिंघानिया ने पहले 2003 और 2017 के बीच निप्पॉन लाइफ इंडिया एसेट मैनेजमेंट में इन्वेस्टमेंट – इक्विटी फंक्शन में इक्विटीज के ग्लोबल हेड के तौर पर काम किया था। बता दें कि 2025-2026 (FY26) में कंपनी की कुल आय ₹796 करोड़ थी, जो पिछले साल की तुलना में 32 प्रतिशत अधिक है। FY26 में मुनाफा लगभग 34 प्रतिशत बढ़कर ₹327 करोड़ हो गया।
इस हफ्ते खुल रहे 2 बड़े आईपीओ
इस बीच, नेटवर्किंग केबल और पैसिव नेटवर्किंग उपकरण बनाने वाली कंपनी ओरिएंट केबल्स (इंडिया) लिमिटेड ने 552 करोड़ रुपये जुटाने के लिए अपने आईपीओ का इश्यू प्राइस 258 से 272 रुपये प्रति शेयर तय किया है। आईपीओ 25 सितंबर को बोली के लिए खुलेगा और 29 सितंबर को बंद होगा। इस आईपीओ के तहत 320 करोड़ रुपये तक के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि प्रवर्तकों और मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 232 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) की जा रही है।
वहीं, पेशवा व्हीट का 53.5 करोड़ रुपये का एसएमई आईपीओ 24 सितंबर को खुलेगा। यह आईपीओ 28 सितंबर को बंद होगा। कंपनी के शेयर बीएसई एसएमई मंच पर सूचीबद्ध होंगे और सूचीबद्धता की संभावित तारीख एक अक्टूबर, 2026 तय की गई है। इसके लिए प्राइस बैंड 95-101 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। यह आईपीओ पूरी तरह से 52.99 लाख तक के नए इक्विटी शेयरों का इश्यू है। मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर, कंपनी सार्वजनिक निर्गम से 53.52 करोड़ रुपये जुटाएगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




