Source :- LIVE HINDUSTAN
हुआंग ने सोमवार को जारी एक बयान में पत्नी और बच्चों को पहुंची तकलीफ के लिए खेद जताते हुए अपनी गलतियों की पूरी जिम्मेदारी ली है। उन्होंने कहा कि वह अपने परिवार का भरोसा दोबारा जीतने की कोशिश करेंगे।
दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनी Nvidia के सीईओ जेनसन हुआंग ने चीनी जासूस संग अफेयर की बात कबूल ली है। इसके बाद उनकी जीवनसंगिनी रहीं लोरी की निजी जिंदगी और संभावित संपत्ति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। तलाक की स्थिति में उन्हें 80 अरब डॉलर से अधिक की संपत्ति मिल सकती है। यह दावा कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में किया जा रहा है।
बता दें कि अरबपति कारोबारी की पत्नी होने के बावजूद लोरी ने हमेशा सार्वजनिक जीवन से दूरी बनाए रखी है। लोरी की व्यक्तिगत संपत्ति का कोई सार्वजनिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। उनकी संपत्ति जेनसन की कुल संपत्ति से जुड़ी हुई है। अनुमानों के मुताबिक जेनसन की कुल संपत्ति करीब 160 अरब से 195 अरब डॉलर के बीच है। इसका बड़ा हिस्सा एनवीडिया में उनकी लगभग चार प्रतिशत हिस्सेदारी से आता है। कंपनी का बाजार मूल्य चार लाख करोड़ डॉलर से अधिक बताया गया है।
शादी टूटी तो संपत्ति का बराबर बंटवारा?
एक्स पर एक अकाउंट ने दावा किया कि एनवीडिया की स्थापना दोनों की शादी के बाद हुई थी। ऐसे में कंपनी में जेनसन की हिस्सेदारी को लेकर कोई विवाह-पूर्व समझौता लागू नहीं होता। कैलिफोर्निया के कानून के तहत तलाक की स्थिति में वैवाहिक संपत्ति का बराबर बंटवारा हो सकता है।
एलिस हुआंग संग संबंध की बात कबूली
अमेरिकी मीडिया के अनुसार जेनसन का सिंगापुर की डाटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड की अधिकारी एलिस हुआंग से संबंध था। कुछ खुफिया अधिकारियों को कथित तौर पर संदेह है कि एलिस ने बीजिंग को जानकारी पहुंचाई थी। हालांकि, इस आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। एलिस सिंगापुर की डाटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड की पूर्व वरिष्ठ अधिकारी रह चुकी हैं।
गौरतलब है कि ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने पिछले महीने सबसे पहले यह रिपोर्ट दी थी कि जेनसन का ऐलिस हुआंग के साथ करीबी संबंध थे। हुआंग पर चीन को जानकारी देने का संदेह था। इसमें ऐसी जानकारी भी शामिल हो सकती है, जो अमेरिका की राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी है। इसके बाद हुआंग ने सोमवार को खुद एक बयान जारी कर एलिस संग अफेयर की बात कबूली। जेनसन ने अपने बयान में पत्नी और बच्चों को पहुंची तकलीफ के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनके इस व्यवहार का कोई बहाना नहीं है और वह अपने परिवार का भरोसा दोबारा जीतने की कोशिश करेंगे।
उन्होंने अपने परिवार और कंपनी से माफी मांगते हुए कहा, “मुझे अपने परिवार से और आप से माफी मांगनी चाहिए। मैंने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई की। मेरी हरकतों से उसे और हमारे बच्चों को बहुत दुख पहुंचा। मैंने जो किया, उसके लिए कोई बहाना नहीं है। मुझे बहुत पछतावा है।” हुआंग ने कहा कि उनका परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा रहा और प्यार और सहयोग दिया, लेकिन उन्होंने परिवार को निराश किया और साथ मिलकर बनाए गए जीवन को नुकसान पहुंचाया।
शुरू हुई जांच
इस बीच, एनवीडिया के निदेशक मंडल ने कहा कि हालिया मीडिया रिपोर्टों में हुआंग को विदेशी खुफिया प्रयास का निशाना बनाए जाने की बात सामने आने के बाद स्वतंत्र जांच शुरू की गई है। स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति बाहरी स्वतंत्र कानूनी सलाहकारों की मदद से जांच की निगरानी करेगी। बोर्ड ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह एनवीडिया और उसके शेयरधारकों के हितों के लिए भी बेहद अहम है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



