Home rss business hindi 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट लागू करने में देरी से कर्मचारियों को...

8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट लागू करने में देरी से कर्मचारियों को कितना हो सकता है नुकसान?

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • 8th Pay Commission: अगर 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट लागू करने में देरी होती है तो कर्मचारियों को इसका असर सिर्फ वेतन मिलने की तारीख पर नहीं, बल्कि भत्तों के मामले में भी देखने को मिल सकता है
  • अनुमानित नुकसान लगभग ₹3.32 लाख तक पहुंच सकता है

केंद्र सरकार के कर्मचारी 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। आयोग की रिपोर्ट लागू होने में जितनी देरी होगी, कर्मचारियों को उतना ही नुकसान उठाना पड़ सकता है। एक अनुमान के मुताबिक अगर फिटमेंट फैक्टर 2.1 के हिसाब से ही बेसिक पे तय होता है और रिपोर्ट लागू होने में 25 महीने की देरी होती है, तो अनुमानित नुकसान लगभग ₹3.32 लाख तक पहुंच सकता है। यह अनुमान अभी लेवल-7 के कर्मचारियों के लिए लगाया जा रहा है। आइए इस रिपोर्ट के जरिए समझें कि नुकसान की गणना कैसे की गई है?

बता दें 8वें वेतन आयोग को नवंबर 2025 से 18 महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपनी है। इसके बाद रिपोर्ट की समीक्षा और अधिसूचना जारी करने की प्रक्रिया में कुछ और महीने लग सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुमान के मुताबिक, रिपोर्ट आने के बाद इसे लागू करने में 3 से 6 महीने का अतिरिक्त समय लग सकता है।

अगर 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट लागू करने में देरी होती है तो कर्मचारियों को इसका असर सिर्फ वेतन मिलने की तारीख पर नहीं, बल्कि भत्तों के मामले में भी देखने को मिल सकता है।

8वें वेतन आयोग का फायदा 1 जनवरी 2026 से मिलने की उम्मीद?

7वें वेतन आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो चुका है। ऐसे में 8वें वेतन आयोग के तहत संशोधित वेतन को 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जा रहा है। इसका मतलब है कि आयोग की रिपोर्ट बाद में लागू होने पर कर्मचारियों को 1 जनवरी 2026 से अधिसूचना की तारीख तक के मूल वेतन का एरियर मिल सकता है।

रिपोर्ट लागू होने में देरी पर क्यों होगा नुकसान

हालांकि, पिछले वेतन आयोगों की व्यवस्था के आधार पर एरियर का भुगतान मुख्य रूप से बेसिक पे पर होता है। डीए, HRA और ट्रांसपोर्ट अलाउंस जैसे भत्तों पर उसी अवधि का एरियर नहीं मिलता। यही वजह है कि रिपोर्ट लागू होने में देरी कर्मचारियों के लिए आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है।

डीए पर क्यों नहीं मिलता एरियर?

द इकनॉमिक टाइम्स की खबर के मुताबिक केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते यानी डीए में साल में दो बार संशोधन होता है। यह जनवरी और जुलाई से प्रभावी होता है और महंगाई के आंकड़ों के आधार पर तय किया जाता है।

नए वेतन आयोग में बेसिक पे बढ़ने के बाद डीए की गणना भी ज्यादा बेसिक सैलरी पर होती है। इसलिए अगर नया वेतन आयोग जल्दी लागू हो जाता है तो कर्मचारी लंबे समय तक बढ़ी हुई बेसिक सैलरी पर डीए का फायदा उठा सकते हैं।

HRA में भी हो सकता है बड़ा अंतर

हाउस रेंट अलाउंस यानी HRA कर्मचारियों की ग्रॉस सैलरी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। 7वें वेतन आयोग में HRA की दरें X, Y और Z कैटेगरी के शहरों के लिए क्रमशः 24 प्रतिशत, 16 प्रतिशत और 8 प्रतिशत रखी गई थीं। बाद में डीए के 50 प्रतिशत तक पहुंचने पर HRA की दरें बढ़ाकर 30 प्रतिशत, 20 प्रतिशत और 10 प्रतिशत कर दी गईं।

8वें वेतन आयोग में अगर फिटमेंट फैक्टर 2.1 माना जाता है तो बेसिक पे के साथ HRA की राशि में भी बड़ा बदलाव हो सकता है। लेकिन अधिसूचना में देरी होने पर कर्मचारी पुराने वेतन ढांचे के आधार पर HRA लेते रहेंगे और नए HRA की संभावित बढ़ी हुई राशि का उस अवधि के लिए एरियर नहीं मिलेगा।

ट्रांसपोर्ट अलाउंस पर भी देरी का असर

ट्रांसपोर्ट अलाउंस यानी TPTA भी कर्मचारियों की सैलरी का हिस्सा है। 7वें वेतन आयोग के तहत इसके लिए अलग-अलग दरें निर्धारित हैं और इस पर डीए भी मिलता है। नए वेतन आयोग में TPTA की दरों में बदलाव होने की संभावना रहती है। ऐसे में 8वें CPC के लागू होने में जितनी देरी होगी, कर्मचारी उतने लंबे समय तक मौजूदा दरों पर TPTA लेते रहेंगे।

लेवल-7 कर्मचारी को कितना नुकसान हो सकता है?

इस अनुमान में लेवल-7 कर्मचारी की मौजूदा बेसिक सैलरी 44,900 रुपये मानी गई है। गणना के लिए 8वें वेतन आयोग का अनुमानित फिटमेंट फैक्टर 2.1 लिया गया है।

इस हिसाब से नई बेसिक सैलरी: ₹44,900 × 2.1 = ₹94,290

यानी मौजूदा बेसिक पे और अनुमानित नई बेसिक पे के बीच अंतर ₹49,390 प्रति माह होगा। X कैटेगरी शहर में 24 प्रतिशत एचआरए के आधार पर मौजूदा HRA करीब 10,776 रुपये बनता है, जबकि 2.1 फिटमेंट फैक्टर के आधार पर अनुमानित नया HRA करीब 22,630 रुपये हो सकता है। इसी तरह 3,600 रुपये के मौजूदा TPTA को 2.1 से गुणा करने पर अनुमानित नई दर 7,560 रुपये आती है।

तीन अलग-अलग देरी के मामलों में अनुमानित नुकसान

पहला: अगर 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट मई 2027 में लागू होती है तो करीब 17 महीने की देरी मानी जाएगी। दिए गए अनुमान के मुताबिक लेवल-7 कर्मचारी को लगभग ₹2.29 लाख का नुकसान हो सकता है।

दूसरा: अगर अधिसूचना अगस्त 2027 में जारी होती है तो करीब 20 महीने की देरी होगी। इस स्थिति में अनुमानित नुकसान करीब ₹2.68 लाख हो सकता है।

तीसरा: अगर 8वें वेतन आयोग का कार्यान्वयन जनवरी 2028 तक टल जाता है और करीब 25 महीने की देरी होती है, तो अनुमानित नुकसान लगभग ₹3.32 लाख तक पहुंच सकता है।

नोट: यह ध्यान रखना जरूरी है कि ₹2.29 लाख, ₹2.68 लाख और ₹3.32 लाख के आंकड़े अनुमानित हैं, अंतिम नुकसान नहीं। वास्तविक राशि 8वें वेतन आयोग द्वारा तय फिटमेंट फैक्टर, नई बेसिक पे, HRA, TPTA, डीए और सरकार की अधिसूचना में तय शर्तों पर निर्भर करेगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN