Home rss business hindi 8वें वेतन आयोग से पेंशन में 67% तक भुगतान की मांग, कर्मचारियों...

8वें वेतन आयोग से पेंशन में 67% तक भुगतान की मांग, कर्मचारियों को बड़ा फायदा

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • 8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग में केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी के साथ पेंशन के नियमों में भी बड़े बदलाव की मांग उठ रही है

8th Pay Commission latest: आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट का केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को बेसब्री से इंतजार है। वेतन आयोग की सिफारिशों के लागू होने से ना सिर्फ केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी में इजाफा होगा बल्कि पेंशन की रकम भी बढ़ने की उम्मीद है। वैसे तो वेतन आयोग ने अब तक अपनी सिफारिशों के बारे में किसी तरह की जानकारी नहीं दी है लेकिन कर्मचारी संगठनों की डिमांड पर चर्चाएं होने की उम्मीद है। अलग-अलग कर्मचारी संगठनों की डिमांड या प्रस्ताव पर वेतन आयोग मंथन कर सकता है। कुछ पेंशन से जुड़ी डिमांड भी है जो वेतन आयोग के सामने रखी गई है।

किस संगठन की क्या है मांग?

भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) ने सभी केंद्रीय कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की है। वहीं, नेशनल काउंसिल-ज्वाइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) ने पेंशन की दर मौजूदा 50 फीसदी से बढ़ाकर आखिरी बेसिक सैलरी का 67 फीसदी करने का प्रस्ताव दिया है। संगठन ने फैमिली पेंशन को भी 30 फीसदी से बढ़ाकर 50 फीसदी करने की मांग की है। इसी तरह, ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉइज फेडरेशन (AIDEF) और भारत पेंशनर्स समाज जैसे संगठनों ने भी पेंशन नियमों में बदलाव के सुझाव दिए हैं।

अभी कैसे तय होती है पेंशन?

मौजूदा पुरानी पेंशन योजना व्यवस्था के तहत मासिक पेंशन की गणना आखिरी वेतन के आधार पर की जाती है। इसमें कर्मचारी को आखिरी वेतन का 50 फीसदी या रिटायरमेंट से पहले के अंतिम 10 महीनों के औसत वेतन का 50 फीसदी, जो भी अधिक हो, पेंशन के रूप में मिलता है।

अब कर्मचारी संगठनों ने इसमें बदलाव की मांग की है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि पेंशन की यह दर बढ़ाकर 67 फीसदी कर दी जाए। मतलब ये कि 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है।

उदाहरण से समझें

मान लीजिए कि 7वें वेतन आयोग के पे मैट्रिक्स में लेवल-10 के कर्मचारी की न्यूनतम बेसिक सैलरी 56,100 रुपये है। मौजूदा 50 फीसदी पेंशन दर के हिसाब से उसकी बेसिक पेंशन 28,050 रुपये बनती है। अगर पेंशन की दर बढ़ाकर 67 फीसदी कर दी जाती है और बेसिक सैलरी में कोई बदलाव नहीं होता, तो पेंशन 37,587 रुपये हो जाएगी। इसका मतलब हुआ कि बेसिक पेंशन के मुकाबले करीब 9,537 रुपये की बढ़ोतरी होगी। हालाकि, 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर को भी नया लागू किए जाने की उम्मीद है। ऐसे में पेंशन की गणना का तरीका बदल जाएगा। ऐसे में पेंशन की रकम और ज्यादा हो सकती है।

बता दें कि 6वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 1.86 और 7वें वेतन आयोग में 2.57 रहा था। इसी को आधार बनाकर 8वें वेतन आयोग के लिए 2, 2.25 और 2.5 के संभावित फिटमेंट फैक्टर पर गणना की जा रही है। 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें मई 2027 तक आने की उम्मीद है। इसके बाद केंद्र सरकार इन पर विचार करेगी और अंतिम फैसला लेगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN