Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/05/27/1200x900/Ranveeer_1779841233305_1779841237638_975679e6-1214-4933-8bf5-906a2530f0f0.jpg

रणवीर सिंह के डॉन-3 से अचानक हटने के मामले पर बढ़ते विवाद के बीच अब FWICE ने इस मामले पर सफाई दी है। संस्था ने कहा है कि वो कोई कोर्ट नहीं हैं जो किसी पर बैन लगा सकें, उन्होंने असहयोग की बात कही है।

बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह इन दिनों FWICE का फैसला आने के बाद से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। फिल्म डॉन-3 को लेकर चल रहे विवाद ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने साफ किया है कि उन्होंने ‘धुरंधर’ फेम एक्टर पर कोई बैन नहीं लगाया है। FWICE ने साफ कहा कि वो कोई कोर्ट नहीं है जो किसी पर बैन लगा सके। संस्था ने साफ किया कि उन्होंने रणवीर सिंह के प्रति असहयोग का निर्देश जारी किया है और उनकी बात को लेकर काफी ज्यादा अफवाहें और भ्रम फैला हुआ है।

कोई बैन नहीं… हम कोर्ट नहीं हैं

FWICE के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने ईटाइम्स के साथ बातचीत में कहा, “देखिए सबसे पहले तो पूरी बात ही गलत हो गई है। यह कोई बैन नहीं है। हम कोई कोर्ट नहीं हैं। हम लोगों पर बैन नहीं लगा सकते यार। इसलिए हमने सिर्फ असहयोग (नॉन कॉपरेशन) का नोटिस जारी किया है।” अशोक पंडित ने कहा कि उन्होंने संस्था से जुड़े सदस्यों को मामले के हल होने तक एक्टर के साथ काम नहीं करने को कहा है। हालांकि भविष्य में सभी सदस्य व्यक्तिगत रूप से अपना फैसला ले सकते हैं।

इस तरह तो वो सुसाइड कर लेंगे

अशोक पंडित ने रणवीर सिंह के अचानक फिल्म डॉन-3 से बाहर होने और इसकी वजह से हुए करोड़ों को नुकसान को लेकर कहा कि यह मामला अभी तक सुलझा नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि इस तरह अचानक प्रोजेक्ट छोड़ने से इंडस्ट्री के प्रोड्यूसर्स को दिक्कत हो सकती हैं। प्रोडक्शन हाउस इस तरह के नुकसान बर्दाश्त नहीं कर सकता। अशोक पंडित ने मेकर्स पर पड़ रहे प्रेशर का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह तो ‘वो आत्महत्या कर लेंगे।’ संस्था ने यह भी बताया कि इस मामले को सुलझाने के लिए FWICE ने रणवीर सिंह ने 3 बार संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन एक्टर ने कोई जवाब नहीं दिया।

अभी भी है समझौते की गुंजाइश

रणवीर सिंह की टीम की तरफ से इस बारे में यह जवाब आया कि यह मुद्दा संस्था (FWICE) के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है। FWICE ने कहा कि फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट और रणवीर सिंह के बीच 45 करोड़ के इस मुद्दे पर अभी भी समझौता होने की गुंजाइश है। यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब शूटिंग शुरू होने की 3 हफ्ते पहले रणवीर सिंह ने अचानक फिल्म छोड़ दी और तब तक मेकर्स कई सीक्वेंस की विदेश में शूटिंग करने के लिए ज्यादातर खर्चा कर चुके थे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN