Source :- LIVE HINDUSTAN
अगर आपको भी चाय के साथ गरमा-गरम पकौड़े खाना पसंद है, तो ये इंस्टेंट पकौड़ा मिक्स आपके बहुत काम आने वाला है। इसे एक बार बनाकर स्टोर कर लें, फिर जब भी मन करे बस सब्जियां मिलाइए और मिनटों में टेस्टी पकौड़े हो जाएंगे।
मौसम कोई भी हो गरमा-गरम पकौड़े खाना भला किसे पसंद नहीं होता। खासकर चाय के साथ या हरी चटनी के साथ पकौड़े खा कर मजा ही आ जाता है। खैर, पकौड़े भी तभी टेस्टी लगते हैं जब ये बिल्कुल क्रिस्पी बने हों और इनमें सही मसाले सही मात्रा में डाले जाएं। कई बार तो पकौड़े हम सिर्फ इसलिए ही नहीं बनाते क्योंकि इन सब में काफी टाइम लग जाता है। लेकिन क्या हो अगर ये काम फटाफट हो जाए? जी हां, अगर आप पहले से ही इंस्टेंट पकौड़ा मिक्स बनाकर रख लें तो बस कटी हुई सब्जियां मिलाकर फटाफट से कोई भी पकौड़े बनाकर तैयार कर सकती हैं। इंस्टेंट पकौड़ा मिक्स में बेसन के साथ बाकी मसालों को मिक्स कर के रख लिया जाता है। फिर आपको जब भी पकौड़े बनाने हों, इसमें सब्जियां और पानी डालकर घोल बना लें। आइए जान लेते हैं इसे बनाना कैसे है।
पहले से बनाकर रख लें इंस्टेंट पकौड़ा मिक्स
अगर आप भी पकौड़े खाने के शौकीन हैं या घरवाले अक्सर इनकी डिमांड करते रहते हैं, तो ये इंस्टेंट पकौड़ा मिक्स एक बार जरूर बनाकर रख लें। इसमें बेसन के साथ आपको कुछ खास मसाले मिक्स करने होते हैं। इस तरह से पकौड़ा मिक्स बना लेंगे तो हर बार एकदम क्रिस्पी और टेस्टी पकौड़े बनेंगे। आपका जब भी मन करे, आप अपनी मनपसंद सब्जी के पकौड़े एंजॉय कर सकते हैं।
इंस्टेंट पकौड़ा मिक्स बनाने की विधि
पकौड़ा मिक्स बनाने के लिए एक बाउल में 100 ग्राम सूजी, चावल का आटा (110 ग्राम), बेसन (120 ग्राम), कॉर्न फ्लोर (100 ग्राम) और मैदा (100 ग्राम) को मिक्स कर लें। ये सभी चीजें लगभग एक कप के करीब हैं। अब इसमें कुछ बेसिक मसाले एड करें। धनिया पाउडर (2 चम्मच), कसूरी मेथी (1 बड़ा चम्मच), सौंठ पाउडर (आधा चम्मच), काली मिर्च का पाउडर (आधा चम्मच), लाल मिर्च पाउडर (2 चम्मच), कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर (4 चम्मच), लहसुन का पाउडर (3 चम्मच), बेकिंग सोडा (1/4 चम्मच), गरम मसाला (2 बड़े चम्मच) और नमक (2-2.5 चम्मच)।
अगर आपको बिल्कुल मार्केट वाला स्वाद चाहिए तो इसमें 1 चम्मच अजीनोमोटो भी मिला सकते हैं। सभी चीजों को अच्छे से मिक्स करें। अब इस पकौड़ा मिक्स को थोड़ा-थोड़ा कर के एक बार मिक्सर में चला लें, ताकी एकदम फाइन सा पाउडर बन जाए। आप इसे किसी एयर टाइट कंटेनर में स्टोर कर सकते हैं या जिप लॉक बैग में भी ये स्टोर किया जा सकता है। ये आराम से 4-6 महीने तक इस्तेमाल किया जा सकता है।
कैसे और कितना इस्तेमाल करना है?
इस पकौड़ा मिक्स से आप अपनी भी मनपसंद सब्जी के पकौड़े बना सकते हैं। लगभग आधा किलो सब्जियों के लिए सिर्फ एक बड़ा चम्मच पकौड़ा मिक्स काफी होगा। कटी हुई सब्जियों में इसे मिक्स करें, फिर थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर बैटर बना लें। ज्यादा पतला नहीं रखना है, बस सब्जियों को कोट करना है। फिर गर्म तेल में पकौड़ों को गोल्डन और क्रिस्पी होने तक फ्राई कर लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





