Source :- LIVE HINDUSTAN

सोशल मीडिया पर इस वीडियो को खुद उसी शख्स ने ही शेयर किया, जिसने भारतीयों के साथ बदतमीजी की। यही यहीं उसने वीडियो पर भारत के झंडे के साथ आपत्तिजनक इमोजी भी लगाया है। इंटरनेट पर लोग भड़क गए हैं।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को भले ही US में भारतीयों पर नस्लभेदी हमलों की जानकारी ना हो, लेकिन इससे हकीकत नहीं बदलती। हाल ही में अमेरिका से भारतीयों के खिलाफ नस्लीय हमले का एक और मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक शख्स ने एक भारतीय जोड़े को ना सिर्फ अमेरिका से दफा हो जाने को कहा, बल्कि खुलेआम गालीगलौज भी की। इतना ही नहीं, शख्स की हिम्मत इतनी है कि उसने खुद यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। पोस्ट में भारत के प्रति घृणा की बू आ रही है, जिसे देख लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।

इस वीडियो को एक लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। वीडियो की शुरुआत में एक भारतीय जोड़ा नजर आता है, जो अपने काम में मग्न होते हैं। तभी वहां कैमरे के पीछे से आवाज आती है और एक शख्स, बिना किसी उकसावे के उन्हें गाली देना शुरू कर देता है। इस दौरान अमेरिकी शख्स अपनी कार के अंदर ही बैठा रहा और ना ही उसने अपनी शक्ल दिखाई। वह गाड़ी के अंदर से ही भारतीय मूल के जोड़े को रोककर उनसे पूछताछ करने लगता है।

जोड़े ने नहीं खोया संयम

करीब 30 सेकेंड के इस वीडियो की शुरुआत में अमेरिकी सामान्य सवाल पूछता है। वह भारतीय जोड़े से पूछता है कि क्या आप भारत से हैं? और क्या भारत अमेरिका से बेहतर है? इसका जवाब वह जोड़ा बेहद शालीनता से देते हैं। भारतीय शख्स कहता है, “दोनों देशों की अपनी-अपनी खूबियां हैं।” इसके बाद अमेरिकी गंद उगलना शुरू कर देता है। वह कहता है, “जब भारत इतना अच्छा है, तो यहां क्यों आए?”

जब भारतीय पति ने बताया कि उनका परिवार भारत में रहता है, तो अमेरिकी ने बदतमीजी से पूछा कि अगर भारत इतना ही अच्छा है तो तुम लोग अमेरिका में क्या कर रहे हो? इस पर भी जोड़े ने बेहद शांत तरीके से जवाब दिया, “दुनिया को एक्सप्लोर करने आए हैं।” यह सुनते ही वह शख्स चिल्लाने लगा और बोला— “नहीं, हम तुम्हें यहां नहीं देखना चाहते। तुम्हें अपने घर वापस जाना होगा। मेरे देश से @#@# दफा हो जाओ।”*

भड़क गए लोग

वीडियो के सामने आते ही इंटरनेट पर लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। लोगों ने इस तरह के व्यवहार की कड़ी निंदा की है। जहां कुछ लोगों ने भारतीय जोड़े के धैर्य और शालीनता की तारीफ की, वहीं कुछ यूजर्स का मानना था कि ऐसे मामलों में चुप रहने से ऐसे लोगों का हौसला और बढ़ता है। कुछ लोगों ने उस अमेरिकी को याद दिलाते हुए कमेंट किया है कि यह उनका भी देश नहीं है और वे नेटिव अमेरिकन के देश में क्या कर रहे हैं।

मार्को रुबियो से मांग रहे जवाब

लोगों ने इस वीडियो पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को टैग करना शुरू कर दिया। दरअसल जब रुबियो से उनके हालिया भारत दौरे पर अमेरिका में भारतीयों संग नस्लभेद को लेकर सवाल पूछा गया, तब वह इससे कन्नी काटने की कोशिश करते दिखे थे। उन्होंने कई बार कहा कि उन्हें इस तरह की घटना की कोई जानकारी नहीं है। वहीं पत्रकार द्वारा जोर दिए जाने पर उनका कहना था कि हर देश में कुचमूर्ख लोग होते हैं। अब लोग उन्हें अमेरिका का असली चेहरा दिखा रहे हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN