Source :- LIVE HINDUSTAN

कीड़े और गंदगी हर सब्जी में होती है जिसे सिर्फ पानी से साफ नहीं किया जा सकता है। यहां हम 5 तरह की सब्जियों को साफ करने का तरीका बता रहे हैं, जिसे अपनाकर गंदी सब्जियों को साफ किया जा सकता है और इनमें छिपे कीड़े भी बाहर निकल सकते हैं।

सब्जियों को साफ करना इसलिए जरूरी है ताकि उन पर लगी धूल-मिट्टी, हानिकारक कीटनाशक और बैक्टीरिया साफ हो सकें। बिना साफ किए इन्हें खाने से पेट खराब, उल्टी-दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं और लंबे समय में सेहत को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए सब्जी बनाने से पहले उन्हें पानी से साफ करना जरूरी है। हालांकि कुछ सब्जियों को सिर्फ पानी से साफ करना काफी नहीं होता। कुछ सब्जियों को साफ करने के लिए थोड़ा समय देना पड़ता है। यहां हम 5 तरह की सब्जियों के बारे में बता रहे हैं। जिससे सब्जियों की गंदगी भी साफ हो जाएगी और उनमें छिपा कीड़ा भी बाहर आ सकता है।

1) गोभी कैसे धोएं

गोभी साफ करने के लिए गोभी के फूल को अच्छे से निकाल लें। फिर गुनगुने पानी में नमक या हल्दी डालें और इस पानी में गोभी के फूल को 15 से 20 मिनट के लिए भिगोएं। ऐसा करने से गोभी का कीड़ा बाहर आ सकता है। चाहें तो सब्जी बनाने से पहले इसे गर्म पानी में डालकर छान सकते हैं।

2) शिमला मिर्च कैसे धोएं

शिमला मिर्च को बहते पानी में धोएं और फिर इसे 5 से 10 मिनट के लिए बेकिंग सोडा के पानी में भिगोएं। ऐसा करने से शिमला मिर्च पर चिपकी गंदगी बाहर निकल जाएगी। इसके अलावा इस्तेमाल करने से पहले शिमला मिर्च के ऊपर के हिस्से और बीजों को साफ करें।

3) ब्रोकली कैसे धोएं

ब्रोकली के अंदर कीड़े छिपे हो सकते हैं और इन कीड़ों को देख पानी मुश्किल होता है क्योंकि ये ब्रोकली की तरह हरे रंग का होता है। इसलिए फूलों को अच्छे से निकाल लें और फिर 15 से 20 मिनट के लिए इन फूलों को नमक या हल्दी के पानी में भिगोएं। फिर पानी से धोएं या फिर गर्म पानी में डालकर छान लें।

4) पत्तेदार सब्जियों को कैसे धोएं

इन पत्तेदार सब्जियों को धोने के लिए सबसे पहले पत्तों को अलग कर लें। अब इन पत्तों को नमक या विनेगर के पानी में भिगोएं। कम से कम 10 से 15 मिनट के लिए इन पत्तियों को भिगो दें। इस तरह से गंदगी या कीड़े पूरी तरह निकल जाएंगे। जब इन पत्तों को इस्तेमाल करना हो तब साफ पानी से 2 या 3 अच्छी तरह से धोएं।

5) पत्तागोभी कैसे धोएं

पत्तागोभी के ऊपरी पत्तों को साफ कर लें और फिर इसे काटने के बाद अच्छी तरह से धो लें। काटने के बाद धोने से अंदर की लेयर को भी अच्छे से साफ किया जा सकता है। कटी हुई पत्ता गोभी को विनेगर या नमक के पानी में 10 मिनट के लिए भिगोएं और फिर पानी से धोएं।

डिस्क्लेमर: इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य है और सटीक है। विस्तृत और अधिक जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN