Source :- LIVE HINDUSTAN

वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में इरेडा का मुनाफा 1.77 प्रतिशत घटकर 492.63 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने डिविडेंड का भी ऐलान किया है। अब सोमवार को इरेडा के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी।

सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी इरेडा के शेयर में हलचल की उम्मीद है। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (इरेडा) ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही में इरेडा का मुनाफा घट गया है। इसके अलावा, कंपनी ने डिविडेंड का भी ऐलान किया है।

कैसे रहे तिमाही नतीजे

वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में इरेडा का मुनाफा 1.77 प्रतिशत घटकर 492.63 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में इरेडा का मुनाफा 501.55 करोड़ रुपये था। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के दौरान कंपनी की कुल आय बढ़कर 2,181.28 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 1,915 करोड़ रुपये थी। तिमाही में कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 1,562.14 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 1,285.91 करोड़ रुपये था।

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में इरेडा का मुनाफा बढ़कर 1,874 करोड़ रुपये हो गया, जो 2024-25 में 1,698 करोड़ रुपये था। इस दौरान कंपनी की कुल आय भी बढ़कर 8,338.89 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 में 6,755.69 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने कहा कि उसने वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक का सर्वाधिक वार्षिक लाभ दर्ज किया है।

डिविडेंड को मंजूरी

इरेडा के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 0.75 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। यह शेयरधारकों की मंजूरी पर निर्भर है। इस प्रकार अंतरिम डिविडेंड के रूप में दिए गए 0.60 रुपये प्रति शेयर सहित कुल डिविडेंड 1.35 रुपये प्रति इक्विटी शेयर होगा। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की ऋण स्वीकृतियां नौ प्रतिशत बढ़कर 51,883 करोड़ रुपये हो गईं, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 47,453 करोड़ रुपये थीं। वहीं ऋण वितरण 16 प्रतिशत बढ़कर 34,946 करोड़ रुपये रहा, जो एक वर्ष पहले 30,169 करोड़ रुपये था।

शेयर की कीमत

अब सोमवार को इरेडा के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। शेयर की बात करें तो शुक्रवार को 134.15 रुपये पर बंद हुआ था। बीते गुरुवार के मुकाबले शेयर 3.03% बढ़कर बंद हुआ। मार्च 2026 में शेयर 108.70 रुपये पर था। वहीं, पिछले साल जून में शेयर 186.55 रुपये पर आ गया। यह शेयर के 52 हफ्ते का लो है।

वित्त वर्ष 2025-26 में इतना सालाना कर्ज मंजूर

बता दें कि इरेडा ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 51,883 करोड़ रुपये का अब तक का सर्वाधिक सालाना कर्ज मंजूर किया है। कंपनी ने बताया कि बीते वित्त वर्ष में उसका ऋण वितरण भी 16 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 34,946 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। 31 मार्च 2026 तक कंपनी का कुल ऋण खाता 22 प्रतिशत बढ़कर 93,075 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष 76,282 करोड़ रुपये था।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN