Source :- LIVE HINDUSTAN
आम की वैसे तो कई प्रजाति भारत में पाई जाती है लेकिन बाजारों में लंगड़ा और सफेदा इफरात रहता है। इन दोनों आम में क्या फर्क होता है और मिठास का पता कैसे लगाएं, चलिए आपको किसान के बताए कुछ तरीके बताते हैं।
Safeda and Langra Mango: आम का सीजन आते ही बाजार में कई तरह के आम दिखाई देने लगते हैं। लंगड़ा आम, सफेदा आम, केसर, हापुस, चौसा, दशहरी और तोतापुरी जैसी कई किस्में लोगों को खूब पसंद आती हैं। इनमें सफेदा और लंगड़ा आम सबसे ज्यादा बिकने वाले आमों में शामिल हैं। ये दोनों आम ज्यादा गूदेदार, रसदार और मीठे माने जाते हैं, जिन्हें लोग काटकर खाने के साथ शेक और आमरस में भी इस्तेमाल करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सफेदा और लंगड़ा आम में क्या फर्क होता है और दोनों में से कौन ज्यादा मीठा होता है? किसानों के मुताबिक, इनकी पहचान और मिठास समझने के लिए 4 आसान तरीके अपनाए जा सकते हैं।
सफेदा आम क्या है
सफेदा आम को बंगनपल्ली या बेनिशान भी कहा जाता है और इसका स्वाद मीठा और हल्का खट्टा होता है। ये आकार में बड़ा लेकिन थोड़ा तिरछे अंडाकार आकार में होता है। इस आम में गूदा खूब होता और रेशे भी कम रहते हैं। इसका छिलका पकने के बाद हल्का हरा और पीला रहता है। आंध्र प्रदेश में सफेदा आम खूब होते हैं और फिर वही से पूरे भारत में भेजे जाते हैं।
लंगड़ा आम भी जानें
अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर आम का नाम लंगड़ा क्यों पड़ा है। बता दें कई सालों पहले उत्तर प्रदेश के बनारस में एक पैर से अपाहिज व्यक्ति ने अपने खेत में इस आम के कई पेड़ लगाए थे और खूब लगन से इनकी सेवा की। उसके बाग में खूब सारे आम निकले और सभी मीठे और स्वादिष्ट थे। इसी वजह से इस आम का नाम उस व्यक्ति के साथ जोड़कर लंगड़ा आम रख दिया गया। खास बात ये है ये आम पकने के बाद भी हरे रंग के छिलके वाला ही होता है और इसका गूदा पीला और रसीला रहता है। स्वाद में ये खूब मीठा और खाने में मुलायम होता है। इसकी खुशबू भी काफी तेज होती है और इसमें भी रेशे नहीं होते।
मिठास पहचानने के 4 तरीके
सफेदा और लंगड़ा आम से बाजार भरी रहती है और ये दोनों ही किस्म के आम लोग खूब खाते हैं। कभी-कभी ये आम भी स्वाद में खट्टे निकल जाते हैं। इसलिए जरूरी है कि आप मीठा आम पहचानने की ट्रिक जान लीजिए। उत्तर प्रदेश के बनारस में रहने वाले किसान राम नरेश ने 4 तरीके बताए हैं, जिससे आप सफेदा और लंगड़ा आम की मिठास की पहचान बिना खाए ही कर सकते हैं।
सफेदा के लिए
- कलर से जानें- रंग देखकर आप सफेदा आम की मिठास का अंदाजा लगा सकते हैं। सफेदा आम हल्का सुनहरा और पीला दिखता है और अगर रंग हरा है तो ये कच्चा या खट्टा होगा।
- दबाकर देखें- सफेदा आम को उंगलियों से हल्का सा दबाएं और अगर ये नरम महसूस होता है, तो आम पका होता है। मीठा होने की संभावना कम होती है। अगर आम सख्त है, तो सफेदा आम मीठा नहीं होगा।
- खुशबू बताएगी मिठास- डंठल वाले हिस्से से आम को सूंघकर देखें, अगर मीठी खुशबू आ रही है, तो ये मीठा और पका है। बिना खशुबू वाला आम फीका हो सकता है।
- छिलके पर दाग- अगर सफेदा आम के छिलके पर हल्के भूरे स्पॉट हैं, तो आम पेड़ का पका है और मीठा भी होता।
लंगड़ा आम कैसे पहचानें-
- रंग या महक- लंगड़ा आम का छिलका हरा ही रहता है, तो इसलिए रंग से आप इसकी मिठास का पता नहीं लगा सकते। लेकिन महक से जान सकते हैं। लंगड़ा आम अच्छा महकता है और भीनी-भीनी खुशबू वाला होता है।
- पिलपिला है क्या- लंगड़ा आम हल्का दबाकर देखेंगे तो हल्का नरम और मुलायम लगेगा। अगर सॉफ्ट है, तो ये पका हुआ स्वाद में मीठा होगा।
- वजन से जानें- लंगड़ा आम अगर वजन में भारी लग रहा है, तो समझ लें कि ये रसीला और पका हुआ है। हल्का आम अक्सर कम मीठा होता है।
- छिलका कैसा है- अगर लंगड़ा आम का छिलका फटा हुआ या धब्बे वाला है, तो ये खराब हो सकता है। इसके छिलके के भ्रम में न पड़ें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



