Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, ANI
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट
इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीज़न का फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है.
जीटी ने आरसीबी के सामने जीत के लिए 20 ओवर में 156 रन की चुनौती रखी है.
लगातार गिरते हुए विकेटों के बीच वॉशिंगटन सुंदर ने 50 रन की नाबाद पारी खेलकर जीटी की पारी को 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 155 रन तक पहुंचाया.
वहीं आरसीबी के गेंदबाज़ों ने कप्तान के पहले गेंदबाज़ी करने के फैसले को सही ठहराया.
रसिख सलाम डार ने तीन विकेट लिए. वहीं भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड के हिस्से में दो-दो विकेट आए.
जीटी की खराब शुरुआत
इमेज स्रोत, ANI
इससे पहले फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने टॉस जीतकर जीटी को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया.
पहले बल्लेबाजी करते हुए जीटी की शुरुआत अच्छी नहीं रही. क्वालिफायर टू में जीटी की जीत के हीरो रहे शुभमन गिल और साई सुदर्शन इस बार कोई कमाल नहीं दिखा पाए.
जोश हेजलवुड ने तीसरे ओवर में गिल का विकेट लिया, जबकि चौथे ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने साई को आउट कर दिया. गिल ने 10 और साई ने 12 रन बनाए.
जीटी को फाइनल में पहुंचाने में इन दोनों बल्लेबाजों की अहम भूमिका रही थी. गिल और साई के नाम इस सीजन में 700 से ज्यादा रन हैं.
दो विकेट जल्दी गिरने का असर जीटी की शुरुआत पर साफ दिखाई दिया. जीटी ने पावरप्ले में दो विकेट गंवाकर 45 रन ही बनाए. सात ओवर पूरे होने पर जीटी का स्कोर 50 के पार पहुंचा.
बटलर ने निशांत संधू के साथ मिलकर जीटी को संभालने की कोशिश की. लेकिन 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर रसिख सलाम ने संधू को आउट कर दिया. संधू ने 18 गेंद में 20 रन ही बनाए.
एक-एक खिताब जीत चुकी हैं आरसीबी और जीटी
इमेज स्रोत, ANI
रनों की धीमी रफ्तार के दबाव में जोस बटलर भी क्रुणाल पंड्या की गेंद पर स्टंप आउट हो गए. 13वें ओवर की पहली गेंद पर जब बटलर आउट हुए जब गुजरात का स्कोर 73 रन ही था. बटलर ने 23 गेंद में 19 रन ही बनाए.
जीटी की पारी का पहला सिक्स 13वें ओवर की चौथी गेंद पर आया.
आरसीबी के गेंदबाजों ने जीटी पर लगातार दबाव बनाए रखा और जीटी ने पांच विकेट 99 रन पर ही गंवा दिए.
15 ओवर के बाद जीटी का स्कोर पांच विकेट गंवाकर 105 रन तक ही पहुंचा.
हालांकि वॉशिंगटन सुंदर ने 37 गेंद में 50 रन की पारी खेली और जीटी के स्कोर को 155 रन तक पहुंचाया.
हालांकि फाइनल से पहलें दोनों टीमें क्वालिफायर वन में आमने-सामने हुई थीं, जिसमें आरसीबी ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई.
वहीं, गुजरात ने दूसरे क्वालिफायर मुक़ाबले में राजस्थान रॉयल्स को हराकर फाइनल में जगह बनाई.
दोनों ही टीमें एक-एक बार खिताब जीत चुकी हैं. आरसीबी ने पिछले साल यानी आईपीएल 2025 में खिताब जीता था, जबकि गुजरात टाइटंस ने साल 2022 में यानी आईपीएल में अपने पहले ही सीज़न में खिताब जीता था.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
SOURCE : BBC NEWS






