Source :- LIVE HINDUSTAN
Moong Dal ka Halwa: शादियों में मिलने वाला रसीला दानेदार मूंग दाल का हलवा अगर आपको भी पसंद है, तो आज की टिप्स आपके बड़े काम आने वाली हैं। ये 3 बातें ध्यान रखेंगे तो एकदम वही हलवाई वाला स्वाद आपके मूंग दाल हलवे में आएगा।
मूंग दाल का हलवा सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले पारंपरिक इंडियन डेजर्ट में से एक है। इसका दानेदार और मुंह में घुलने वाला स्वाद सभी को पसंद आता है। खासकर शादियों में मिलने वाला मूंग दाल का हलवा तो कोई बिना चखे रह ही नहीं सकता। इतना रसीला, सॉफ्ट और मुंह में घुल जाने वाला होता है इसका स्वाद। यूं तो घर पर इसे बनाने की कई रेसिपी मिल जाती हैं, लेकिन वो हलवाई वाली बात इसमें नहीं आ पाती। दरअसल मूंग दाल हलवे में सारा खेल इंग्रेडिएंट्स और उनके सही माप का होता है। थोड़ी बहुत टिप्स और भी हैं, जिन्हें ध्यान में रखकर आप हर बार बिल्कुल हलवाई स्टाइल मूंग दाल हलवा बना सकते हैं। यहां हम आपके साथ इंस्टेंट मूंग दाल हलवा बनाने की टिप्स साझा कर रहे हैं, ताकि आपको दाल भिगोने वगैरह का झंझट ना करना पड़े। जब भी मन हो आप तुरंत टेस्टी सा मूंग दाल हलवा रेडी कर लें।
बिना दाल भिगोए बनाएं दानेदार मूंग दाल का हलवा
जब भी मूंग दाल हलवा बनाना होता है, उसकी तैयारी एक रात या कुछ घंटों पहले दाल भिगोकर करनी पड़ती है। लेकिन एक ट्रिक से आप बिना दाल भिगोए हलवा बना सकते हैं। इसके लिए आपको धुली हुई मूंग की दाल लेनी है, जिसमें छिलका नहीं होता। सबसे पहले दाल को अच्छे से धो लें, फिर पूरा पानी किसी छलनी की मदद से बाहर निकाल दें। अब एक पैन में मीडियम फ्लेम पर दाल को रोस्ट कर लें, जब तक सारा पानी सूख ना जाए। दाल का कलर जब गोल्डन ब्राउन हो जाए और ये क्रिस्पी लगने लगे तो गैस की फ्लेम बंद कर दें। अब दाल को ठंडा होने के लिए रख दें।
मूंग दाल हलवे के लिए चाशनी बनाने का सही माप
हलवे के लिए परफेक चाशनी बनाना एक इंपॉर्टेंट स्टेप होता है। इसके लिए सही माप नोट कर लें। अगर आप एक कटोरी चीनी ले रहे हैं, तो पानी उसी से लगभग 3 कटोरी लें। यानी पानी आपको चीनी का तीन गुना इस्तेमाल करना है। एक पैन में पानी लें, उसमें चीनी डालें, रंगत के लिए केसर के कुछ कतरे और फ्लेवर के लिए थोड़ा सा इलायची पाउडर डालकर पका लें। चाशनी को आपको उबाल आने तक पका लेना है।
परफेक्ट हलवे के लिए मूंग दाल और घी का सही अनुपात
भूनने के बाद जब दाल ठंडी हो जाए तो उसे मिक्सर में पीसकर एक दरदरा सा पाउडर बना लें। अब अगर आप एक कटोरी मूंग दाल ले रहे हैं, तो इसमें आपको एक कटोरी देसी घी ही लेना है। इसके लिए एक पैन में एक कटोरी देसी घी गर्म करें, इसमें एक चम्मच बेसन और एक चम्मच सूजी डालकर भून लें। इसके भूनने के बाद मूंग दाल का पाउडर एड करें। इसके हल्का गोल्डन ब्राउन होने तक भून लें, फिर इसमें थोड़ी-थोड़ी कर के चाशनी डालें और हलवे को चलाते हुए पका लें।
स्वाद की टिप: हलवे को तक तक पकाएं जब तक ये घी छोड़ना शुरू ना कर दे। इसका रंग भी गाढ़ा सुनहरा होने लगेगा। फिर ऊपर से घी में भुने हुए काजू-बादाम एड करें। आपका शादियों वाला मूंग दाल हलवा बनकर रेडी है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN






