Source :- LIVE HINDUSTAN
Fan Cleaning Tips: गर्मियों में पंखा दिन रात चलता है, जिस वजह से ये जल्दी गंदा भी हो जाता है। ऐसे में आप ये DIY क्लीनर ट्राई कर सकते हैं। 3 चीजों से बना ये घोल आपके पंखे को नए जैसा चमक देगा।
हर घर में पंखा सबसे ज्यादा चलने वाले उपकरणों में से एक है। गर्मियों में तो शायद ही कुछ देर के लिए फैन बंद होता हो, ज्यादातर समय ये चलता ही रहता है। इस वजह से आप नोटिस करेंगे कि पंखे पर बड़ी मोटी सी धूल की परत जम जाती है। इसे साफ करना भी आसान नहीं होता। कितना भी रगड़ लो वो कालापन और धूल कहीं ना कहीं रह ही जाती है। फिर एक बार आप सफाई कर लो, तो तुरंत ये फिर गंदा दिखने लगता है। ऐसे में ये तो तय है कि नॉर्मल कपड़ा मार कर पंखा साफ नहीं होने वाला। आज हम आपके साथ एक ऐसा DIY क्लीनर शेयर कर रहे हैं, जिससे फैन कितना भी गंदा हो एकदम नए जैसा चमक उठेगा। एक बार इस तरह साफ कर देंगे तो बार-बार ये गंदा भी नहीं होगा। आइए जानते हैं कैसे-
स्टेप 1: सबसे पहले साफ कपड़े से साफ करें धूल
कुछ लोग सीधा ही पंखे पर गीला कपड़ा मार देते है, इससे वो साफ होने की जगह और गंदा हो जाता है क्योंकि धूप उससे चिपक जाती है। इसलिए हमेशा सफाई से पहले एक साफ कपड़े से मोटी-मोटी धूल-मिट्टी झाड़ लें। आप इसके लिए झाड़ू या माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल कर सकते हैं। कुछ लोग पुराना तकिए का कवर ले कर भी फैन के ब्लेड्स पर चढ़ाकर उन्हें क्लीन करते हैं। इससे पंखड़ियों ऊपर की धूल भी आराम से साफ हो जाती है।
जरूरी टिप: पंखा साफ करने से पहले मेन स्विच को ऑफ कर दें। खासकर अगर सफाई के लिए गीला कपड़ा इस्तेमाल कर रहे हैं तो बिना मेन स्विच को ऑफ किए बिल्कुल भी ट्राई ना करें, इससे बिजली का झटका लग सकता है।
जिद्दी गंदगी साफ करने के लिए क्लीनर बनाएं
पंखे के ब्लेड्स कुछ ज्यादा ही गंदे हो गए हैं, तो एक क्लीनर आप घर में बनाकर रेडी कर सकते हैं। इससे फैन बिल्कुल नए जैसा चमकने लगेगा। इसके लिए आपको गैस पर एक पैन चढ़ाना है। इसमें डेढ़ से दो गिलास पानी डालें, साथ में एक चम्मच नमक, एक चम्मच बेकिंग सोडा और थोड़ा सा डिशवॉश जेल डालकर पकने दें। डिशवॉश की जगह आप डिटर्जेंट भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इस घोल में एक उबाल आने तक पका लें और इसे ठंडा होने दें।
जैसे ही ये मिक्सचर ठंडा हो जाए, इसमें एक साफ कपड़ा भिगो लें निचोड़कर पंखे के ब्लेड्स को साफ कर लें। इसमें बेकिंग सोडा, नमक और डिशवॉश लिक्विड जैसे इंग्रेडिएंट्स हैं, जो फैन को बिल्कुल क्लीन कर देंगे। इसपर किसी भी तरह के दाग धब्बे, कालापन या गंदगी जमा हो गई है तो ये मिक्सचर काफी ज्यादा इफेक्टिव तरीके से सब कुछ क्लीन कर देगा।
काम की टिप: हफ्ते में एक-दो बार पंखे पर सुखा कपड़ा जरूर मारें, ताकि धूल इकठ्ठी ना हों। धूल जमा होने से ही पंखा ज्यादा गंदा होता है। वहीं महीने में एक से दो बार आप इस क्लीनर की मदद से फैन को डीप क्लीन कर सकते हैं। हमेशा नए जैसा चमकता हुआ रहेगा।
(Images Credit- Pinterest)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN






