Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/06/03/1200x900/Peddi_AdB_1780456527829_1780456532531_fe11d17d-6125-4931-a6f9-41de0c1f0172.jpgPeddi Advance Booking: राम चरण की फिल्म पेद्दी को रिलीज से पहले ही काफी धमाकेदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। जानिए कितनी हो गई अभी तक की एडवांस बुकिंग और कितनी रह सकती है पहले दिन की कमाई।
साउथ के सुपरस्टार एक्टर राम चरण की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘पेद्दी’ सिनेमाघरों में कल (4 जून) को रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर फैंस का एक्साइटमेंट चरण पर है और बज बता रहा है कि इसे बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी ओपनिंग मिलने वाली है। अब एडवांस बुकिंग के आंकड़े भी इन कयासों पर मुहर लगा रहे हैं। बुची बाबू सेना के निर्देशन में बनी इस 300 करोड़ी फिल्म को ऑरिजनली तेलुगू में बनाया गया है, लेकिन इसे मेकर्स हिंदी, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ में भी रिलीज करेंगे। फिल्म की एडवांस बुकिंग के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। चलिए जानते हैं कि रिलीज से पहले मूवी अभी तक कितनी कमाई कर चुकी है।
किस भाषा से कैसा मिल रहा रिस्पॉन्स?
फिल्म की एडवांस बुकिंग के आंकड़े सैकनिल्क ने अपनी एक रिपोर्ट में साझा किए हैं। मूवी को सबसे धमाकेदार रिस्पॉन्स तेलुगू वर्जन से ही मिला है। रिलीज डेट के लिए फिल्म के 229862 टिकट अभी तक बिक चुके हैं। मूवी को दूसरी सबसे मोटी कमाई अभी तक तमिल वर्जन से होती दिख रही है। इस भाषा के लिए 2567 टिकट 2D फॉरमैट के और 136 टिकट डॉल्बी सिने फॉरमैट के अभी तक पेद्दी के बुक किए जा चुके हैं। लिस्ट में तीसरे नंबर पर हिंदी वर्जन है जिसके लिए दर्शकों ने अभी तक 663 बुक किए हैं। हालांकि हिंदी पट्टी के दर्शकों में साउथ मूवीज के दीवानेपन का ट्रैक रिकॉर्ड देखते हुए माना जा रहा है कि रिलीज के बाद यह आंकड़ा तेजी से बढ़ेगा।
कितनी हुई एडवांस बुकिंग से कमाई?
फिल्म को अभी तक सबसे कम कमाई एडवांस बुकिंग के मामले में कन्नड़ और मलयालम वर्जन से होती दिख रही है। जहां तक अभी तक की कुल कमाई का सवाल है तो पेद्दी बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ एडवांस बुकिंग से 5 करोड़ 60 लाख रुपये कमा चुकी है। ब्लॉक सीटों के साथ यही आंकड़ा बढ़कर तकरीबन 10 करोड़ के आसपास पहुंच जाता है। यानि इतनी बात पक्की है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर पहले ही दिन डबल डिजिट में कमाई करने वाली है। लेकिन इतिहास गवाह रहा है कि दमदार ओपनिंग के बाद भी फिल्मों की तकदीर बदली है।
रिलीज के बाद भी जारी रहेगी रफ्तार?
तो ऐसे में देखना यह होगा कि एक बार फिल्म जनता के हवाले हो गई, उसके बाद भी क्या यह रफ्तार जारी रहेगी? फिल्म की कहानी की बात करें तो एक दूर दराज गांव के एक ऐसे लड़के की कहानी है जो लगभग हर खेल में बराबर माहिर है। वह अपने और आसपास के गांवों का सबसे पसंदीदा खिलाड़ी है। कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब इसमें राजनीति और साजिशों जैसे पहलू शामिल होने लगते हैं। फिल्म में जाह्नवी कपूर ने फीमेल लीड रोल प्ले किया है और मिर्जापुर फेम एक्टर दिव्येंदु शर्मा भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN






