Source :- LIVE HINDUSTAN
नवरत्न कंपनी एनएचपीसी लिमिटेड के शेयरों को सस्ते में खरीदने का मौका है। एनएचपीसी लिमिटेड का ऑफर फॉर सेल बुधवार को आम निवेशकों के लिए खुल गया है। कंपनी के शेयर बुधवार को 5% उछल गए हैं।
घरेलू शेयर बाजार में गिरावट की आंधी के बीच बुधवार को नवरत्न कंपनी एनएचपीसी लिमिटेड के शेयरों में तूफानी तेजी आई है। एनएचपीसी लिमिटेड के शेयर बुधवार को BSE में 5 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 75.99 रुपये पर पहुंच गए हैं। एनएचपीसी लिमिटेड का ऑफर फॉर सेल (OFS) बुधवार को आम निवेशकों के लिए खुल गया है। ऑफर फॉर सेल में कंपनी के शेयरों को सस्ते में खरीदने का मौका है। कंपनी के शेयर मंगलवार को गिरावट के साथ 72.28 रुपये पर बंद हुए थे।
8% सस्ते में कंपनी में अपना हिस्सा बेच रही है सरकार
केंद्र सरकार नवरत्न कंपनी एनएचपीसी लिमिटेड (NHPC Limited) में अपनी 6 पर्सेंट तक हिस्सेदारी बेच रही है। कंपनी के ऑफर फॉर सेल के लिए 71 रुपये का फ्लोर प्राइस तय किया गया है। यानी, ऑफर फॉर सेल का फ्लोर प्राइस सोमवार के क्लोजिंग प्राइस से करीब 8 पर्सेंट डिस्काउंट पर है। मार्च 2026 तिमाही के आखिर में एनएचपीसी लिमिटेड में आम निवेशकों को 8.28 पर्सेंट हिस्सेदारी रही।
नॉन रिटेल इनवेस्टर्स से ऑफर फॉर सेल को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स
नवरत्न कंपनी एनएचपीसी लिमिटेड (NHPC Limited) का ऑफर फॉर सेल (OFS) नॉन रिटेल इनवेस्टर्स के लिए मंगलवार 2 जून को खुला। कंपनी के ऑफर फॉर सेल को नॉन रिटेल इनवेस्टर्स से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। ऑफर किए गए टोटल शेयरों के मुकाबले 3.47 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। डिपार्टमेंट ऑफ इनवेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट (DIPAM) के सेक्रेटरी अरुणीश चावला ने एक्स पर पोस्ट किया है कि प्राइस प्रॉयरिटी बेसिस पर एलोकेशन किया जाएगा और सरकार ने पूरे ग्रीन शू ऑप्शन को एक्सरसाइज करने का फैसला लिया है।
कंपनी में सरकार की कितनी हिस्सेदारी?
31 मार्च 2026 को खत्म हुई चौथी तिमाही में केंद्र सरकार की नवरत्न कंपनी एनएचपीसी में 67.4 पर्सेंट हिस्सेदारी थी। सरकार ने 1 जून को एनएचपीसी लिमिटेड का ऑफर फॉर सेल अनाउंस किया था। ऑफर फॉर सेल 3 पर्सेंट के बेस साइज और ओवर-सब्सक्रिप्शन की स्थिति में अतिरिक्त 3 पर्सेंट के ग्रीन शू ऑप्शन के साथ अनाउंस किया गया। वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कंपनी के वित्तीय नतीजे मजबूत रहे हैं। चौथी तिमाही में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 68.5 पर्सेंट बढ़कर 1549 करोड़ रुपये रहा है। वहीं, कंपनी का रेवेन्यू 20 पर्सेंट बढ़कर 2816 करोड़ रुपये पहुंच गया है। केंद्र सरकार ने पिछले हफ्ते कोल इंडिया लिमिटेड में ऑफर फॉर सेल के जरिए अपनी 2 पर्सेंट हिस्सेदारी 5542 करोड़ रुपये तक में बेची। इससे पहले, सरकार ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में अपनी 8.08 पर्सेंट हिस्सेदारी 2,266 करोड़ रुपये में बेची है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







