Source :- LIVE HINDUSTAN
Kacche kele ki Bhujiya Recipe: कच्चे केले की भुजिया पराठे के साथ खूब टेस्टी लगती है। लंच के लिए कोई सिंपल रेसिपी ढूंढ रहे हैं या फिर सफर पर जाना हो, ये सूखी सब्जी बेस्ट है। इस रेसिपी से ट्राई करेंगे तो आलू की भुजिया भी भूल जाएंगे।
कोई टेस्टी सी सब्जी बनाने का मन हो, जो जल्दी भी बन जाए और हेल्दी भी हो तो कच्चे केले की भुजिया से परफेक्ट ऑप्शन शायद ही कोई हो। उत्तर भारत में खासकर कच्चे केले की भुजिया लोग बड़े शौक से खाते हैं। इसका स्वाद भी इतना कुरकुरा और टेस्टी होता है कि बार बार खाने का मन करता है। बच्चों के लंच के लिए भी ये बढ़िया रहती है। यकीन मानिए एक बार इस तरीके से आपने कच्चे केले की भुजिया बना ली तो आलू की भुजिया खाना भूल जाएंगे। खासकर पराठे के साथ तो इसका कॉम्बिनेशन जबरदस्त लगता है। कहीं सफर पर जा रहे हैं तो घरवालों के लिए आप कच्चे केले की भुजिया और पराठे पैक कर सकते हैं। इसमें ज्यादा मसाले नहीं पड़ते, इसलिए कुछ हल्का लेकिन टेस्टी खाना हो तो ये रेसिपी जरूर ट्राई करें।
कच्चे केले की भुजिया बनाने के लिए सामग्री
कुरकुरी और टेस्टी सी कच्चे केले की भुजिया बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- कच्चे केले (5-6), सरसों का तेल (1 चम्मच), साबुत जीरा (1 चम्मच), हल्दी पाउडर (आधा चम्मच), स्वादानुसार नमक, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर (1 चम्मच), जीरा पाउडर (आधा चम्मच), अमचूर पाउडर (1 चम्मच) और बेसन (1 चम्मच)।
लंच में बनाएं कच्चे केले की भुजिया और पराठे
कच्चे केले की भुजिया बनाने के लिए सबसे पहले केले छीलकर गोल-गोल शेप में काट लें। अब एक पैन में थोड़ा से सरसों का तेल गर्म होने दें, फिर जीरा डालकर चटका लें। इसके बाद कटे हुए कच्चे केले इसमें एड करें और इन्हें भून लें। ज्यादा नहीं बस आपको एक से दो मिनट के लिए इन्हें फ्राई करना है। अब कुछ बेसिक मसाले इनमें एड करें, जैसे हल्दी पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, नमक, जीरा पाउडर और अमचूर पाउडर। इन्हें अच्छे से मिक्स करें और लगभग चार से पांच मिनट के लिए भून लें, ताकि सारा कच्चापन निकल जाए।
वैसे तो आप इस तरह से भी कच्चे केले की भुजिया बना सकते हैं। लेकिन अगर आपको इसे हल्का कुरकुरापन देना है, तो इसमें थोड़ा सा बेसन भी जरूर एड करें। जब केले अच्छी तरह पक जाएं तो ज्यादा नहीं बस एक चम्मच बेसन भुजिया में एड करें। इसे अच्छे से मिक्स करते हुए एक से दो मिनट के लिए भुजिया को और पका लें। आप देखेंगे कि इसका कलर काफी बदल जाएगा और टेस्ट भी बहुत बढ़िया आएगा। ऊपर से हरा धनिया पत्ता डालकर गार्निश करें।
स्वाद की टिप: कच्चे केले की भुजिया के साथ पराठे का कॉम्बिनेशन काफी बढ़िया लगता है। इसके अलावा आप दाल-चावल के साथ भी सूखी भुजिया खा सकते हैं, बहुत ही अच्छा टेस्ट आता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




