Source :- LIVE HINDUSTAN

पुरुषों और महिलाओं के लिए कंडोम बनाने वाली कंपनी अनोंदिता मेडिकेयर के शेयरों ने नया रिकॉर्ड बनाया है। कंडोम कंपनी अनोंदिता मेडिकेयर के शेयर गुरुवार को NSE में इंट्राडे के दौरान 11 पर्सेंट की जोरदार तेजी के साथ 1,229.05 रुपये पर पहुंच गए। कंपनी के शेयरों ने गुरुवार को 52 हफ्ते का अपना नया हाई बनाया। कारोबार के आखिर में अनोंदिता मेडिकेयर (Anondita Medicare) के शेयर 6 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 1185.55 रुपये पर बंद हुए। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 261.75 रुपये है।

9 महीने में 145 रुपये से 1200 के पार पहुंचे शेयर
कंडोम बनाने वाली कंपनी अनोंदिता मेडिकेयर (Anondita Medicare) के शेयर 9 महीने में 145 रुपये से 1200 रुपये के पार जा पहुंचे हैं। आईपीओ में कंपनी के शेयर का दाम 145 रुपये था। कंपनी के शेयर 1 सितंबर 2025 को बाजार में लिस्ट हुए। अनोंदिता मेडिकेयर के शेयर 4 जून 2026 को इंट्राडे के दौरान 1229.05 रुपये पर पहुंच गए। कंपनी का आईपीओ दांव लगाने के लिए 22 अगस्त 2025 को खुला था और यह 26 अगस्त तक ओपन रहा। कंपनी के आईपीओ का टोटल साइज 69 करोड़ रुपये तक का था।

पहले ही दिन 275 रुपये के पार पहुंच गए कंपनी के शेयर
अनोंदिता मेडिकेयर (Anondita Medicare) के शेयरों की बाजार में शानदार लिस्टिंग हुई। कंपनी के शेयर 1 सितंबर 2025 को 275.50 रुपये पर लिस्ट हुए। लिस्टिंग के ठीक बाद अनोंदिता मेडिकेयर के शेयर उछाल के साथ 289.25 रुपये पर जा पहुंचे। कंडोम कंपनी अनोंदिता मेडिकेयर लिमिटेड के आईपीओ पर टोटल 300.89 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। कंपनी के आईपीओ में रिटेल इनवेस्टर्स की कैटेगरी में 286.20 गुना दांव लगा। नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स या गैर संस्थागत निवेशकों (NII) की कैटेगरी में 531.82 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। कंपनी के आईपीओ में क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स का कोटा 153.03 गुना सब्सक्राइब हुआ। अनोंदिता मेडिकेयर के आईपीओ में आम निवेशक 2 लॉट के लिए ही दांव लगा सकते थे। आईपीओ के 2 लॉट में 2000 शेयर थे। आम निवेशकों को कंपनी के आईपीओ में 2.90 लाख रुपये का निवेश करना पड़ा।

क्या करती है कंपनी
अनोंदिता मेडिकेयर (Anondita Medicare) पुरुषों और महिलाओं के लिए फ्लेवर्ड कंडोम बनाती है। कंपनी अपने प्रॉडक्ट्स को कोबरा (COBRA) ब्रांड के तहत बेचती है। अनोंदिता मेडिकेयर सालाना 562 मिलियन कंडोम बनाती है। कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग इकाई नोएडा, उत्तर प्रदेश में है। अनोंदिता मेडिकेयर दक्षिणपूर्व एशिया, अफ्रीका, मिडिल ईस्ट समेत कई इंटरनेशनल मार्केट्स में अपने प्रॉडक्ट्स का निर्यात करती है। 31 जुलाई 2025 तक के डेटा के मुताबिक, कंपनी में 280 कर्मचारी थे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN