Source :- LIVE HINDUSTAN
Cyber Fraud Alert: अगर आपका फोन अचानक Reset हो जाए, ऐप्स गायब हो जाएं या नेटवर्क बंद हो जाए, तो इसे हल्के में न लें। कई मामलों में यह साइबर हमले का शुरुआती संकेत साबित हुआ है। जान लीजिए कैसे बचें इस नए साइबर फ्रॉड से।
स्मार्टफोन बैंकिंग, UPI पेमेंट, सोशल मीडिया और पर्सनल डिटेल का बड़ा हिस्सा है। ऐसे में अगर कोई आपके फोन पर कब्जा कर ले, तो वह आपके बैंक खाते तक भी पहुंच सकता है। हाल ही में साइबर सुरक्षा एक्सपर्ट्स ने एक ऐसे खतरे को लेकर चेतावनी दी है, जिसमें लोगों का फोन अचानक Reset हो जाता है, ऐप्स गायब हो जाते हैं और कुछ मामलों में बैंक खाते से पैसे भी निकल जाते हैं। इस फ्रॉड में फर्जी ऐप्स, रिमोट एक्सेस टूल्स, SIM Swap फ्रॉड और मालवेयर की मदद से लोगों के फोन पर कंट्रोल हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। कई मामलों में पीड़ित को तब पता चलता है जब उसके खाते से पैसे निकल चुके होते हैं। अगर आपका फोन अचानक Factory Reset हो जाए, बार-बार अपने आप रीस्टार्ट हो या जरूरी ऐप्स गायब दिखें, तो यह साइबर हमले का संकेत भी हो सकता है।
फोन अचानक Reset होना खतरनाक
आमतौर पर फोन Reset होना सॉफ्टवेयर समस्या भी हो सकती है, लेकिन अगर इसके साथ कुछ और संकेत दिखाई दें तो सावधान हो जाना चाहिए। अगर Reset के बाद बैंकिंग ऐप्स गायब हों, Google अकाउंट लॉगआउट हो जाए, अजीब लॉगिन नोटिफिकेशन आएं या मोबाइल पर नेटवर्क अचानक बंद हो जाए, तो मामला गंभीर हो सकता है।
कई बार अपराधी आपके मोबाइल नंबर का नियंत्रण हासिल करने के लिए SIM Swap तकनीक का इस्तेमाल करते हैं। इसमें आपका नंबर किसी दूसरी SIM पर एक्टिव कर दिया जाता है। इसके बाद बैंक OTP, पासवर्ड रीसेट कोड अपराधियों तक पहुंचने लगते हैं। पीड़ित को केवल इतना दिखता है कि उसके फोन में अचानक नेटवर्क आना बंद हो गया है।
फोन के इन चेतावनी संकेत को मिस नहीं करें
साइबर सुरक्षा एक्सपर्ट्स के अनुसार कुछ संकेतों को गंभीरता से लेना चाहिए। अगर फोन बहुत ज्यादा गर्म होने लगे, बैटरी तेजी से खत्म हो, अनजान ऐप्स दिखाई दें, अचानक नेटवर्क गायब हो जाए या बिना वजह लॉगिन अलर्ट मिलने लगें, तो यह मालवेयर या हैकिंग का संकेत हो सकता है। इसके अलावा अगर फोन खुद-ब-खुद रीस्टार्ट हो रहा है, तो भी चेक कराना जरूरी है।
फोन अचानक Reset हो जाए तो करें ये काम
सबसे पहले घबराने की बजाय तुरंत कार्रवाई करें। फोन को इंटरनेट से डिस्कनेक्ट करें, बैंक हेल्पलाइन पर कॉल करके नेट बैंकिंग और UPI सेवाओं को टेम्पररी ब्लॉक कराएं। इसके बाद सभी महत्वपूर्ण अकाउंट्स के पासवर्ड बदलें। अगर मोबाइल नेटवर्क भी बंद है, तो तुरंत अपने टेलीकॉम ऑपरेटर से संपर्क करें और SIM Swap की जांच कराएं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN






