Source :- LIVE HINDUSTAN

Redmi Turbo 5 भारत में 16 जून को लॉन्च होने के लिए तैयार है। खुद कंपनी ने लॉन्च डेट का खुलासा किया है। दावा है कि यह सबसे तेज रेडमी फोन होगा और सबसे बड़ी बैटरी वाला रेडमी फोन भी होगा। देखें इसमे क्या-क्या खास मिलने वाला है।

Redmi Turbo 5 india launch set for 16 june: अगर आप भी Redmi Turbo 5 के लॉन्च होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, तो आपके लिए खुशखबरी है। कंपनी ने आज आधिकारिक तौर पर अपकमिंग रेडमी टर्बो 5 की लॉन्च डेट की घोषणा कर दी है। इसका लॉन्च अब बस कुछ ही दिन दूर है। यह फोन देश में शाओमी के सब-ब्रांड द्वारा लॉन्च किया जाने वाला पहला टर्बो मॉडल होगा। लॉन्च की तारीख के साथ-साथ, कंपनी ने फोन में मिलने वाले प्रोसेसर को भी कंफर्म कर दिया है। दावा किया जा रहा है कि यह अब तक का सबसे तेज रेडमी स्मार्टफोन होगा और इसमें अब तक के किसी भी रेडमी फोन के मुकाबले सबसे बड़ी बैटरी होगी। चलिए एक नजर डालते हैं सामने आई डिटेल्स पर…

भारत में इस दिन लॉन्च होगा Redmi Turbo 5

कंपनी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए बताया है कि Redmi Turbo 5 भारत में 16 जून को लॉन्च होगा। फोन की माइक्रोसाइट Amazon पर पहले से ही लाइव है, जिससे कंफर्म हो गया है कि लॉन्च होने के बाद इस फोन को अमेजन से खरीदा जा सकेगा। रेडमी ने हिंट दिया है कि टर्बो 5 कम से कम दो कलर्स – ब्लैक और व्हाइट – में आएगा, हालांकि इन कलर्स के नाम क्या होंगे, इस बात की जानकारी सामने नहीं आई है।

अब तक का सबसे तेज रेडमी फोन

लॉन्च की तारीख के अलावा, कंपनी ने फोन में मिलने वाले प्रोसेसर को भी कंफर्म कर दिया है। कंपनी ने बता दिया है कि यह फोन मीडियाटेक डाइमेंसिटी 8500 अल्टा चिपसेट से लैस होगा, जो AnTuTu टेस्ट में 2.3 मिलियन से ज्यादा का स्कोर हासिल किया है। यह 24GB तक रैम को सपोर्ट करेगा, जिसमें से 12GB वर्चुअल रैम होगी। इससे यह पता चलता है कि आने वाला फोन 12GB LPDDR5x रैम वेरिएंट में भी उपलब्ध होगा।

Redmi Turbo 5 के बेसिक स्पेसिफिकेशन्स

रेडमी इसमें UFS 4.1 ऑनबोर्ड स्टोरेज भी देगा, हालांकि स्टोरेज की सही कैपेसिटी के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है। यह कंफर्म हो गया है कि टर्बो 5 में गर्मी को बेहतर तरीके से बाहर निकालने के लिए 3D आइस-लूप कूलिंग सिस्टम होगा। उम्मीद है कि लॉन्च से पहले, आने वाले दिनों में कंपनी इसकी अन्य डिटेल्स का भी खुलासा कर सकती है।

खास बात यह है कि Redmi Turbo 5 पहले से ही चीन में उपलब्ध है। इस फोन के चीनी वर्जन में 6.59-इंच (1268×2756 पिक्सेल) की एमोलेड स्क्रीन है, जिसमें 120 हर्ट्ज तक का रिफ्रेश रेट, 480 हर्ट्ज तक का टच सैंपलिंग रेट और 3500 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलती है। यह फोन मीडियाटेक डाइमेंसिटी 8500 अल्ट्रा चिपसेट पर चलता है और इसमें 16GB तक LPDDR5x रैम और 512GB तक UFS 4.1 ऑनबोर्ड स्टोरेज दी गई है।

अब तक की सबसे बड़ी बैटरी वाला रेडमी फोन

कैमरे की बात करें तो इसमें डुअल रियर कैमरा सेटअप है, जिसमें 50-मेगापिक्सेल (f/1.5) का सोनी IMX882 मेन कैमरा और 8-मेगापिक्सेल (f/2.2) का अल्ट्रावाइड कैमरा है। इसके फ्रंट में 20-मेगापिक्सेल (f/2.2) का सेल्फी कैमरा दिया गया है। इस फोन में 7,560mAh की बैटरी है जो 100W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी ने यह भी टीज किया है कि फोन मजबूत बॉडी के साथ आएगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN