Source :- LIVE HINDUSTAN
होर्मुज संकट के बीच पाकिस्तान की किस्मत खुल गई। उसे पिछले महीने सिंध प्रांत में तेल और गैस का खजाना हाथ लग गया। हालांकि, इससे मामूली राहत ही मिलेगी, कोई बहुत बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद नहीं है।
अमेरिका-ईरान युद्ध का असर पूरी दुनिया पर पड़ा है। होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से दुनियाभर के तमाम देश ऊर्जा संकट का सामना कर रहे हैं। पाकिस्तान में तेल के दामों में काफी बढ़ोतरी हुई, जिससे जनता महंगाई का सामना कर रही। इस बीच, पाकिस्तान की किस्मत खुल गई। उसे सिंध प्रांत में तेल और गैस का खजाना मिल गया। आने वाले समय में पाकिस्तान को इस तेल के खजाने से राहत तो जरूर मिल सकती है, लेकिन इससे तेल के दाम में काफी कमी आएगी, यह नहीं होगा। इतनी बड़ी संख्या के सामने इन तेल के कुएं मिलने से बहुत फायदा होने की उम्मीद नहीं है। बता दें कि पाकिस्तान का सिंध प्रांत भारत के राजस्थान बॉर्डर के पास पाकिस्तानी सीमा में आता है।
पाकिस्तान की तेल और गैस कंपनी ने दक्षिणी सिंध प्रांत के संगर जिले में तेल और गैस के भंडार का पता लगाया है। ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (OGDCL) ने कहा कि इस खोज से OGDCL और देश के हाइड्रोकार्बन भंडार का आधार तो बढ़ेगा ही, साथ ही घरेलू संसाधनों के जरिए देश में ऊर्जा की मांग और सप्लाई के अंतर को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
पिछले महीने खोजे गए तेल के कुएं
पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज और लंदन स्टॉक एक्सचेंज को भेजे गए एक लेटर में, OGDCL ने शेयरधारकों को बताया है कि पिछले महीने संघार जिले के बोबी और धमराकी इलाकों में खोज की गई थी। तीन जून के पत्र में, OGDCL ने बताया है कि बोबी और धमराकी माइनिंग लीज में 100 फीसदी वर्किंग इंटरेस्ट वाले ऑपरेटर के तौर पर, उन्होंने अपने एक्सप्लोरेटरी कुएं ‘बोबी डीप-1’ से तेल की खोज की। इस कुएं से 32/64 इंच के चोक साइज पर प्रति दिन 2,000 बैरल तेल (BOPD) और 1.1 मिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक फीट गैस (MMSCFD) का प्रोडक्शन हो रहा है, जबकि वेलहेड फ्लोइंग प्रेशर 1,050 पाउंड प्रति स्क्वायर इंच (PSI) था।
तीन हजार मीटर से ज्यादा की कुएं की खुदाई
लेटर में बताया गया है कि यह खोज तीन मई को हुई, जब OGDCL की अपनी तकनीकी और ऑपरेशनल क्षमताओं का इस्तेमाल करके सेमबार फॉर्मेशन में 3,305 मीटर की कुल गहराई तक कुएं की खुदाई की गई। यह खोज बोबी और धमरकाकी माइनिंग लीज के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि यह इस इलाके में ‘मैसिव सैंड प्ले’ से हाइड्रोकार्बन की पहली खोज है। इसमें कहा गया है, “एक नए एक्सप्लोरेशन प्ले को स्थापित करने के अलावा, इस खोज ने आस-पास के इलाकों में इसी तरह की संभावनाओं से जुड़े जोखिम को कम किया है, जिससे भविष्य में खोज और संसाधनों को बढ़ाने के नए रास्ते खुले हैं।”
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







