Source :- LIVE HINDUSTAN
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि अगर उनकी और ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की बैठक से शांति समझौते पर मदद मिलती है, तो वह इसके लिए तैयार हैं। ट्रंप के इस बयान पर ईरान ने उन्हें असली दुनिया में रहने और सोचने के लिए कहा है।
ईरान और अमेरिका के बीच जंग एक बार फिर से खूनी होती जा रही है। दोनों तरफ से हमलों की एक नई श्रृंखला शुरू हो गई है। इसी बीच गुरुवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के साथ बैठक करने के लिए तैयार हैं। अब ट्रंप के इस बयान पर ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची का बयान सामने आया है। उन्होंने ट्रंप पर तंज कसते हुए कहा कि सभी को असली दुनिया में सोचना और जीना चाहिए।
अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने ट्रंप के बयान पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा,”हाल ही में मैंने एक रिपोर्ट देखी है, जिसमें ट्रंप ने कहा है कि वह बैठक करने के लिए तैयार हैं। और बैठक करना चाहते हैं। लेकिन मुझे लगता है कि हमें यथार्थवादी होना चाहिए और असली दुनिया में जीना और सोचना चाहिए।”
क्या कहा था ट्रंप ने?
ईरान के साथ अपनी शर्तों के अनुसार समझौता करने की कोशिश कर रहे ट्रंप ने मोजतबा खामेनेई के साथ बैठक करने की इच्छा जताई थी। ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि अगर उनकी और मोजतबा खामेनेई के बैठक से समझौता होने में मदद मिलती है, तो वह बैठक करने के लिए तैयार हैं। हालांकि, ट्रंप ने यहां भी साफ किया कि खामेनेई उनके पसंदीदा व्यक्ति नहीं है, लेकिन अगर उनकी बैठक होती है तो वह सम्माननीय महसूस करेंगे।
ट्रंप ने बैठक की स्थिति को साफ करते हुए कहा कि उन्होंने इसका प्रस्ताव नहीं दिया है। लेकिन कुछ लोगों (वाइट हाउस अधिकारियों) ने उन्हें मुलाकात करने के लिए प्रस्ताव दिया है।
अभी ईरान और अमेरिका युद्ध में क्या हो रहा है?
28 फरवरी को शुरू हुआ ईरान और अमेरिका युद्ध अभी भी अपने किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाया है। अमेरिका अपनी शर्तों के आधार पर शांति समझौता करना चाहता है, लेकिन अपने दशकों पुराने डर का सामना करके बैठा ईरान और भी ज्यादा निर्भीक हो गया है। ऐसे में दोनों तरफ से हमलों का एक नया दौर फिर से शुरू हो गया है।
इन सब के बीच कच्चे तेल की कीमतें एक बार फिर उछाल पर हैं। हालांकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इससे ज्यादा परेशानी नहीं है। ट्रंप गुरुवार को कहा कि युद्ध के पहले सभी कह रहे थे कि कच्चे तेल की कीमतें 300 डॉलर प्रति बैरल पहुंच जाएंगी। लेकिन कल ही वह 96 डॉलर प्रति बैरल थीं। वहीं, शांति समझौता के लिए चल रही वार्ता को लेकर ईरान के विदेश मंत्री का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि अभी तक इस समझौते को लेकर कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। दोनों ही पक्ष अपनी-अपनी शर्तों पर अड़े हुए हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







