Source :- LIVE HINDUSTAN

नारियल पानी गर्मियों में हर कोई पीना पसंद करता है लेकिन क्या आप जानते हैं स्किन के लिए भी ये वरदान से कम नहीं होता। गर्मियों में त्वचा संबंधी कई समस्याएं होती हैं, जिन्हें नारियल पानी कम करने में मदद कर सकता है। चलिए इसके फायदों के बारे में बताते हैं।

Benefits Of Coconut Water For Skin: गर्मियों में नारियल पानी पीना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। यह शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ तुरंत एनर्जी देने में भी मदद करता है। नारियल पानी में कई ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं। शरीर के लिए इसके फायदों के बारे में आपने कई बार सुना होगा, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह त्वचा के लिए भी काफी फायदेमंद हो सकता है? नारियल पानी में पोटैशियम, कैल्शियम, मैग्नीशियम, विटामिन C, अमीनो एसिड्स और एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं। ये तत्व शरीर को पोषण देने के साथ-साथ त्वचा की सेहत को बेहतर बनाए रखने में भी मदद कर सकते हैं।

त्वचा के लिए नारियल पानी पीने के 5 फायदे

नारियल पानी सिर्फ शरीर को हाइड्रेट रखने का काम नहीं करता, बल्कि यह त्वचा की सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद इलेक्ट्रोलाइट्स, विटामिन C, अमीनो एसिड्स और एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को अंदर से पोषण देने में मदद करते हैं।

1. त्वचा को रखेगा हाइड्रेट

नारियल पानी में नैचुरल इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं, जो शरीर में पानी की कमी नहीं होने देते। जब शरीर अच्छी तरह हाइड्रेटेड रहता है, तो त्वचा भी मुलायम, ताजा और चमकदार नजर आती है। अगर आपकी स्किन रूखी, बेजान हो चुकी है, तो नारियल पानी पीना शुरू करें।

2. नैचुरल ग्लो बढ़ाने में करेगा मदद

रोजाना नारियल पानी पीने से शरीर के टॉक्सिन्स बाहर निकलते हैं। इससे त्वचा साफ दिखती है और चेहरे पर नैचुरल ग्लो आ सकता है। कहा जाता है कि शरीर में गंदगी जमा होती है, तो उसका असर त्वचा पर दिखता है।

3. मुंहासों की समस्या होगी कम

नारियल पानी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण त्वचा में सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं, जिससे पिंपल्स और एक्ने की समस्या कम हो सकती है। अगर गर्मियों में आप मुंहासों से परेशान रहती हैं, तो ये पानी पीकर देखें।

4. झुर्रियां-झाइयां होंगी कम

फ्री रेडिकल्स त्वचा को नुकसान पहुंचाकर झुर्रियों और फाइन लाइन्स का कारण बनते हैं। नारियल पानी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स इनसे बचाव करने में मदद करते हैं, जिससे त्वचा लंबे समय तक खिली-खिली दिख सकती है।

5. त्वचा की इलास्टिसिटी बढ़ेगी

नारियल पानी में मौजूद विटामिन C कोलेजन को बनाने में मदद करता है। कोलेजन त्वचा को टाइट, लचीला और जवान दिखाने में मदद करता है। अगर आपकी त्वचा ढीली हो रही है, तो नारियल पानी उसमें कसावट लाने में मदद करेगा।

कब और कितने गिलास पिएं

आप एक दिन में 1-2 गिलास नारियल पानी पी सकते हैं, ये आपकी सेहत और स्किन दोनों के लिए फायदेमंद रहेगा। इससे ज्यादा नारियल पानी पीना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है। आप नारियल पानी सुबह खाली पेट पी सकते हैं या फिर दोपहर के समय। अगर आप वर्कआउट करते हैं, तो जिम करने के बाद इसे पीना भी सही रहेगा। नारियल पानी सेहत-स्किन के लिए फायदेमंद हैं लेकिन इसे रात या शाम में न पिएं। इसकी तासीर ठंडी होती है, आपको सर्दी-खांसी हो सकती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN