Source :- LIVE HINDUSTAN

कई लोगों को रात में नींद नहीं आती है और वह रातभर करवटें बदलते रहते हैं। ऐसे में दिनभर में शरीर में थकान, कमजोरी बनी रहती है। अगर आप भी नींद न आने से परेशान हैं, तो ये देसी तरीका आजमाकर देख लें।

अक्सर ऐसा होता है कि बिस्तर पर लेटे हैं लेकिन नींद नहीं आ रही। इधर-ऊधर करवटें ले रहे हैं, दिमाग में तरह-तरह की बातें चल रही हैं लेकिन नींद का दूर-दूर तक नहीं आती। रात में नींद न आने की वजह से सुबह थकान, आलस से शरीर घिरा रहता है और दिनभर लगता है कि कोई काम न किया जाए। अगर आप भी नींद न आने की समस्या से परेशान हैं, तो कुछ घरेलू तरीके आजमाकर देख लीजिए। ये तरीके पुराने जमाने के लोग आजमाया करते थे और आज भी इसे कारगर माना जाता है। इस तरीके को यूट्यूबर पूनम देवनानी ने शेयर किया है और इसमें आपको कोई दवाई नहीं लेनी है और ना ही कोई आयुर्वेदिक काढ़ा पीना है, बस कुछ चीजों का पाउडर बनाकर पी लेना है। तो चलिए इस तरीके के बारे में बताते हैं।

नींद क्यों नहीं आती है?

नींद न आने के कई कारण हो सकते हैं और ये हर व्यक्ति में अलग होते हैं। इसके कुछ कारण हम आपको बताने जा रहे हैं। अगर किसी को हाई बीपी या डायबिटीज की समस्या है, तो उन्हें कई बार इसकी वजह से नींद नहीं आती। इसके अलावा तनाव और चिंता, मोबाइल स्क्रीनिंग ज्यादा होना, बैड स्लीप शेड्यूल, लेट डिनर या ओवरईटिंग, दवाइयों का साइड इफेक्ट या फिर ज्यादा चाय-कॉफी पीना। इन कारणों से नींद पर असर होता है और फिर धीरे-धीरे नींद में कमी आने लगती है।

क्या है घरेलू नुस्खा

पूनम देवनानी का कहना है कि पुराने जमाने के लोग 1 चम्मच मेवे वाला पाउडर दूध में घोलकर पिया करते थे। इसे पीने से शरीर को रिलैक्स फील होता है और नींद भी अच्छी आती है। इससे सेहत को कोई नुकसान नहीं होता बल्कि एनर्जी मिलेगी। इस पाउडर को बनाने के लिए बस आपको सही तरीका पता होना चाहिए। तो चलिए बताते हैं पाउडर बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए और कैसे बनाएं?

क्या-क्या चाहिए-

5-6 छुआरे

15-20 बादाम

4 स्पून पंपकिन सीड्स

2 चम्मच खसखस के बीज

कैसे बनाएं पाउडर

छुआरे के बीज निकालकर उन्हें कूट लें। बादाम और पंपकिन सीड्स को अलग-अलग हल्का रोस्ट कर लें। खसखस के बीज भी कढ़ाई में गरम कर लें, इन्हें रोस्ट न करें। इन चीजों को मिक्सर में ग्राइंड कर लें और पाउडर तैयार कर लें। इसका पाउडर आप महीन पीस लें, जिससे छुआरे मुंह में न आए।

पीने का सही तरीका

गर्मियों में दूध को खौला लें और फिर उसे ठंडा करें। अब इसमें 1 चम्मच पाउडर डालकर धीरे-धीरे पिएं। सर्दियों में गुनगुने पानी में इसे डालकर पीना सही रहेगा। अगर आप मीठा पसंद करते हैं, तो दूध में चीनी मिला लें या फिर मिश्री को पीसकर पाउडर में मिक्स कर लें। इससे इसका स्वाद मीठा हो जाएगा। इस पाउडर को आप रोजाना पी सकते हैं और 1-2 हफ्ते बाद आपको सुकून वाली नींद आने लगेगी। इसे पीने से शरीर एक्टिव रहेगा और हड्डियां मजबूत होंगी।

नींद लाने के ये तरीके भी करें ट्राई

पाउडर वाला घरेलू तरीका आजमाने के अलावा आप नींद के लिए कुछ और भी असरदार तरीके अपना सकते हैं। ये तरीके भी लोग आजमाते थे और इनसे अच्छी नींद आ जाती है। चलिए बताते हैं क्या करना है-

– 1 से 100 तक उल्टी गिनती गिनें।

– अपने दिमाग को कुछ भी सोचने न दें। इसकी जगह किसी सुंदर जगह या पल के बारे में सोचें।

– कोई मंत्र का उच्चारण करें।

– अगर छोटा बच्चा है, तो उसे कहानी सुनाएं। कहानी सुनाने से जल्दी नींद आती है।

– कमरा ठंडा रखें लेकिन पैरों को गर्म करें। तेल मालिश करें और फिर चादर में लपेटकर सोएं।

नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN