Source :- LIVE HINDUSTAN

बाजार वाला मीठा पान आपने खूब खाया होगा लेकिन क्या कभी घर पर बनाया है। खाने के बाद मुंह का स्वाद बदलना हो या फिर मेहमानों के आगे पेश करना हो, मीठा पान हमेशा परफेक्ट ऑप्शन है। तो चलिए इसे बनाने का सिंपल तरीका बताते हैं।

दुकान से सादा और मीठा पान तो आपने कई बार खाया होगा। खासकर खाने के बाद मीठा पान खाना कई लोगों को पसंद होता है। हालांकि, हर बार इसे खरीदने के लिए बाजार जाना संभव नहीं होता। ऐसे में आप घर पर ही स्वादिष्ट मीठा पान तैयार कर सकते हैं। घर का बना मीठा पान न सिर्फ ताजा होता है, बल्कि इसे फ्रिज में स्टोर करके मेहमानों को भी परोसा जा सकता है। अच्छी बात यह है कि इसे बनाते समय आप अपनी पसंद के अनुसार कत्था और चूना डाल सकते हैं या इन्हें छोड़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं घर पर बाजार जैसा मीठा पान बनाने का आसान तरीका।

क्या-क्या चाहिए

2 ताजे पान के पत्ते

1 छोटा चम्मच गुलकंद

1 छोटा चम्मच सौंफ

1 छोटा चम्मच टूटी-फ्रूटी

1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल

2 छोटा चम्मच कतरी सुपारी

2 छोटा चम्मच मीठी सौंफ

1/2 छोटा चम्मच चेरी के टुकड़े (वैकल्पिक)

इलायची पाउडर चुटकीभर

मीठी सुपारी (वैकल्पिक)

चांदी का वर्क (वैकल्पिक)

लौंग – 4 (पान बंद करने के लिए)

पत्ते करें तैयार

सबसे पहले ताजे और हरे पान के पत्तों का चयन करें। इसके बाद पत्तों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। धोने के बाद पत्तों को किसी साफ कपड़े या टिश्यू पेपर की मदद से अच्छी तरह सुखा लें। अब पत्तों के बीच में मौजूद मोटी डंडी (डंठल) को सावधानी से निकाल दें, क्योंकि इससे पत्तों को मोड़ने में आसानी होती है और पान का स्वाद भी बेहतर लगता है। कोशिश करें कि ज्यादा कटे-फटे या सूखे पत्तों का इस्तेमाल न करें, क्योंकि ताजे और मुलायम पत्तों से बना मीठा पान ज्यादा अच्छा बनेगा।

फिलिंग कैसे तैयार करें

मीठा पान बनाने के लिए अब इसकी फिलिंग तैयार करें। इसके लिए गुलकंद, कतरी सुपारी, मीठी सौंफ, टूटी-फ्रूटी, नारियल बूरा, इलायची पाउडर और माउथ फ्रेशनर को बताई गई मात्रा के अनुसार पान के पत्ते पर रखें। यदि आपको कत्था और चूना पसंद हो, तो उसकी हल्की परत भी लगा सकते हैं, अन्यथा इसे छोड़ दें।

परोसने का भी है तरीका

फिलिंग भरने के बाद पान को तिकोने या गोल आकार में मोड़ लें। इसे बंद करने के लिए ऊपर से एक लौंग लगा दें या टूथपिक का इस्तेमाल करें। सजावट के लिए टूथपिक में चेरी लगा सकते हैं या पान पर हल्का गुलाबजल छिड़क सकते हैं, जिससे इसकी खुशबू और भी बढ़ जाएगी। तैयार पान को लगभग 30 मिनट से 1 घंटे तक फ्रिज में रख दें। इसके बाद ठंडा-ठंडा मीठा पान खुद भी खाएं और मेहमानों को भी खिलाएं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN