Source :- LIVE HINDUSTAN
दुनिया के सबसे बेहतरीन फुटबॉलरों में शुमार कीलियन एम्बाप्पे इस बार फुटबॉल विश्व कप में फ्रांस की कप्तानी करेंगे। पिछले टूर्नामेंट में हैट्रिक लगाने वाले कीलियन पर सबकी नजरें रहने वाली हैं। यहां जानिए उनके करियर से जुड़ी कुछ अहम बातें।
फुटबॉल विश्व कप का आगाज 11 जून से होने वाला है। टीमें आगामी टूर्नामेंट की तैयारी के लिए फ्रेंडली मैच खेल रही है और अपनी तैयारियों का और पुख्ता कर रही है। फुटबॉल के महाकुंभ में कई दिग्गज फुटबॉलर भी मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं। भारतीय फैंस भी अपने चहेते स्टार को देखने के लिए टकटकी लगाए हुए हैं। इस बार फ्रांस की कप्तानी कर रहे कीलियन एम्बाप्पे से भी सब बड़ी उम्मीद कर रहे होंगे। यहां जानिए उनके करियर के बारे में कुछ दिलचस्प बातें। फुटबॉल का फीफा विश्व कप 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में आयोजित किया जाएगा, जिसमें 39 दिनों में 48 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 104 मैच खेले जायेंगे।
कीलियन एम्बाप्पे के माता-पिता भी थे खिलाड़ी
एम्बाप्पे दुनिया के सबसे बेहतरीन फुटबॉलरों में शुमार हैं। एम्बाप्पे का जन्म पेरिस में हुआ था। उनका बचपन बोंडी में बीता, जोकि प्रवासियों और कामगार परिवारों का इलाका है। उनके पिता विल्फ्रेड एम्बापे कैमरून से हैं, जोकि फुटबॉल कोच रहे हैं और उन्होंने ही शुरुआती दिनों में किलियन को निखारा। उनकी मां फैजा लामारी हैंडबॉल खिलाड़ी रह चुकी हैं। उनके छोटे भाई एथान एम्बापे भी एक पेशेवर फुटबॉलर हैं। एम्बाप्पे को छोटी उम्र से ही फुटबॉल की तरफ झुकाव था और 6 साल में वह वहां के लोकल क्लब से जुड़ गए थे।
क्लब करियर
मोनाको की यूथ एकेडमी से निकलकर उन्होंने 2016-17 सीजन में मोनाको को फ्रेंच लीग (Ligue 1) का खिताब जिताया और चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल तक पहुंचाया। जहां उन्होंने 20 से ज्यादा गोल किए। पेरिस सेंट जर्मेन के लिए वह करीब 6 साल खेले। 2017 में पीएसजी ने उन्हें 1600 करोड़ रुपये से अधिक की ट्रांसफर फीस पर अपनी टीम में शामिल किया। यहां पर वह सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने 256 गोल किए और उन्होंने पीएसजी को 6 बार लीग खिताब जिताया। साल 2024 में एम्बापे रीयल मैड्रिड में शामिल हुए। अपने पहले ही सीजन में उन्होंने करीब 40 गोल किए।
फीफा विश्व कप में मचाया धमाल
27 साल के एम्बाप्पे अपना तीसरा वर्ल्ड कप खेलने के लिए तैयार हैं। उन्होंने 2018 में क्रोएशिया के खिलाफ फाइनल में गोल किया था, जिससे फ्रांस 20 साल के इंतजार के बाद ट्रॉफी वापस पाने में कामयाब रहा था। चार साल बाद कतर में, उन्होंने फाइनल में हैट्रिक बनाई, लेकिन फ्रांस पेनल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना से हार गया। कतर में खेले गए वर्ल्ड कप में उन्होंने 8 गोल दागकर ‘गोल्डन बूट’ जीता। लियोनेल मेसी 7 गोल के साथ दूसरे स्थान पर रहे। उनके नाम दो विश्व कप में कुल 12 गोल हैं। 2018 में उन्होंने चार गोल किए और फिर 2022 में कीलियन ने 8 गोल दागे।
फ्रांस ने अगले महीने से शुरू होने वाले फुटबॉल विश्व कप के लिए अपनी 26 सदस्यीय टीम में स्टार स्ट्राइकर काइलिन एमबाप्पे की अगुवाई में मजबूत आक्रमण पंक्ति चुनी गई है। फ्रांस अपने ग्रुप आयी कैंपेन की शुरुआत 16 जून को सेनेगल के खिलाफ करेगा, इसके बाद 22 जून को इराक और 26 जून को नॉर्वे के खिलाफ मैच खेलेगा। वह कनाडा, मैक्सिको और अमेरिका में 11 जून से 19 जुलाई तक होने वाले विश्व कप में खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में भाग लेगा। फ्रांस को ग्रुप आई में सेनेगल, इराक और नॉर्वे के साथ रखा गया है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







