Source :- LIVE HINDUSTAN
पेट्रोल और डीजल के अलावा एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से परेशान हैं तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, देश की प्रमुख तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल (IndianOil) अपने ग्राहकों के लिए एक बोनस स्कीम चला रही है। इस स्कीम के तहत ग्राहक अपने ईंधन खर्च को बचत में बदल सकते हैं और सभी लेनदेन पर बचत का लाभ ले सकते हैं। आइए डिटेल जान लेते हैं।
क्या है डिटेल!
इंडियन ऑयल XTRAREWARDS लॉयल्टी प्रोग्राम चला रही है। इस योजना के तहत ग्राहक ईंधन खरीद पर रिवॉर्ड पॉइंट्स अर्जित कर सकते हैं और उन्हें अलग-अलग तरह की सुविधाओं और गिफ्ट के लिए भुना सकते हैं। कंपनी के अनुसार, इस कार्यक्रम में ऑनलाइन नामांकन पूरी तरह निःशुल्क है।
योजना के तहत प्रत्येक 75 रुपये के खर्च पर 1 रिवॉर्ड पॉइंट दिया जाता है। कंपनी ग्राहकों के जन्मदिन पर 100 बोनस पॉइंट्स भी देती है। बता दें कि एक XTRAREWARDS पॉइंट का मूल्य 30 पैसे के बराबर माना जाता है। अर्जित पॉइंट्स का उपयोग मुफ्त ईंधन, आकर्षक उपहारों और अलग तरह के ई-वाउचर्स के लिए किया जा सकता है।
कहां इस्तेमाल कर सकते हैं?
ग्राहक इन पॉइंट्स को अमेजन, Domino’s, अपोलो फार्मेसी, BookMyShow और BigBasket जैसे लोकप्रिय ब्रांडों के वाउचर प्राप्त करने में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा, इंडियनऑयल के इंडेन LPG सिलेंडर की खरीद में भी इन पॉइंट्स का उपयोग संभव है।
इसके अलावा, इंडियन ऑयल समय-समय पर विशेष ऑफर लेकर आती है। इन सभी लेनदेन और ऑफर्स की जानकारी ग्राहकों को SMS अलर्ट के माध्यम से भेजी जाती है। बता दें कि XTRAREWARDS कार्ड और सेवाएं देशभर के इंडियन ऑयल आउटलेट्स पर स्वीकार की जाती हैं। ग्राहकों की सहायता के लिए 24×7 हेल्पडेस्क और ग्राहक सेवा सुविधा भी उपलब्ध है।
कैसे बनेगा प्वाइंट्स?
रिवॉर्ड प्वाइंट के लिए इंडियन ऑयल रिटेल आउटलेट पर जाएं। ईंधन भरवाने के बाद PoS टर्मिनल पर अपना कार्ड स्वाइप करें या रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालें। इसके साथ ही ईंधन की खरीद पर तुरंत रिवॉर्ड पॉइंट्स मिल जाएगा। वहीं, रिवार्ड प्वाइंट को रिडीम करने के लिए ईंधन भरवाने के बाद PoS टर्मिनल पर अपना कार्ड स्वाइप करना होगा या रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालना अनिवार्य है। अपने रिवॉर्ड पॉइंट्स को रिडीम करने के लिए OTP वेरिफिकेशन पूरा करें।
बता दें कि XTRAREWARDS कस्टमर देश भर में फैले 200 से अधिक अलायंस पार्टनर्स के नेटवर्क से खास ऑफर और डिस्काउंट का फायदा उठा सकते हैं। इसमें ट्रैवल, एंटरटेनमेंट, हेल्थ, हॉस्पिटैलिटी, फूड और बेवरेजेज, ऑटोमोबाइल और ऐसी ही कई और कैटेगरी शामिल हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







