Source :- LIVE HINDUSTAN

बाजार में उतरने के साथ ही मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड के शेयर धमाल मचाए हुए हैं। मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड के शेयर सोमवार को 90 पर्सेंट फायदे के साथ लिस्ट हुए। लिस्टिंग के ठीक बाद कंपनी के शेयर 5 पर्सेंट की तूफानी तेजी के साथ 297.25 रुपये पर पहुंच गए। मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड के शेयर मंगलवार को भी दहाड़ रहे हैं। कंपनी के शेयर मंगलवार को 5 पर्सेंट चढ़कर 312.10 रुपये पर पहुंच गए हैं। मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड के शेयर 8 जून को बाजार में लिस्ट हुए हैं। कंपनी का मार्केट कैप मंगलवार को 545 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।

149 रुपये का शेयर दूसरे दिन ही 312 रुपये के पार
IPO में मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड के शेयर का दाम 149 रुपये था। कंपनी के शेयर मंगलवार को 312.10 रुपये पर जा पहुंचे हैं। इश्यू प्राइस के मुकाबले कंपनी के शेयर 163.10 रुपये उछल गए हैं। यानी, 149 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड के शेयर दो दिन में ही 110 पर्सेंट के करीब चढ़ गए हैं। मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड का आईपीओ दांव लगाने के लिए 1 जून 2026 को खुला था और यह 3 जून तक ओपन रहा। मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड के पब्लिक इश्यू का टोटल साइज 70 करोड़ रुपये तक का था।

IPO पर लगा 315 गुना से ज्यादा दांव
मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड का आईपीओ टोटल 315.36 गुना सब्सक्राइब हुआ। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों की कैटेगरी में 297.67 गुना दांव लगा। वहीं, गैर संस्थागत निवेशकों या नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का कोटा 476.59 गुना सब्सक्राइब हुआ। मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड के आईपीओ में क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स(QIB) के कोटे में 224.91 गुना दांव लगा। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशक 2 लॉट के लिए ही दांव लगा सकते थे। आईपीओ के 2 लॉट में 2000 शेयर थे। कंपनी के प्रमोटर डोवरी येसुदास, डोवरी अमरनाथ, वनजा डी, डॉर्सी केथन चंद्रा और डोवरी थमन हैं। आईपीओ से पहले कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदारी 85.17 पर्सेंट थी, जो कि अब 62.28 पर्सेंट रह गई है।

क्या करती है मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड?
मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड (Merritronix Limited) एक इलेक्ट्ऱॉनिक्स सिस्टम्स डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग (ESDM) कंपनी है। कंपनी की शुरुआत अक्टूबर 1988 में हुई है। कंपनी का हाई-रिलायबिलिटी और मिशन क्रिटिकल इलेक्ट्रॉनिक असेंबलीज में स्पेशलाइजेशन है। मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड कंपोनेंट सोर्सिंग, PCB असेंबली, सिस्टम इंटीग्रेशन, टेस्टिंग, बॉक्स-बिल्डिंग और फिनिश्ड इलेक्ट्रॉनिक्स की डिलीवरी समेत B2B सर्विसेज ऑफर करती है। कंपनी डिफेंस, एयरोस्पेस, टेलिकॉम और इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्रीज को अपनी सर्विसेज देती है। आईपीओ से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड मशीनरी और इक्विपमेंट खरीदने के कैपिटल एक्सपेंडिचर, वर्किंग कैपिटल रिक्वॉयरमेंट्स की फंडिंग, अपनी उधारी चुकाने और जनरल कॉरपोरेट पर्पज में करेगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN