Source :- LIVE HINDUSTAN
Jaljeera Premix Banane ka Tarika: गर्मी में बार-बार ठंडा और ताजगी भरा पेय पीने का मन करता है। ऐसे में घर पर तैयार जलजीरा मिश्रण आपकी मदद कर सकता है, जिससे कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट पेय बनाकर पिया जा सकता है।
गर्मी शुरू होते ही फ्रिज बार-बार खुलने लगता है और कुछ ठंडा पीने का मन हर थोड़ी देर में करता है। ऐसे समय में अगर घर पर पहले से तैयार जलजीरा मिश्रण रखा हो, तो बस पानी मिलाइए और कुछ ही सेकंड में स्वाद से भरपूर पेय तैयार हो जाता है। खट्टा, तीखा और चटपटा स्वाद देने वाला जलजीरा सिर्फ प्यास ही नहीं बुझाता, बल्कि खाने के बाद भी काफी लोगों की पसंद होता है।
बाजार से तैयार मिश्रण खरीदने की बजाय अगर इसे घर पर बनाया जाए, तो स्वाद भी बेहतर मिलता है और अपनी पसंद के अनुसार मसाले भी मिलाए जा सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसा जलजीरा मिश्रण बनाने का आसान तरीका, जो पूरी गर्मी आपके काम आएगा।
जलजीरा मिश्रण बनाने के लिए सामग्री
भुना जीरा
काला नमक
साधारण नमक
सूखा पुदीना
काली मिर्च
अमचूर
सोंठ
थोड़ी-सी हींग
कैसे तैयार करें जलजीरा मिश्रण?
- सबसे पहले भुने जीरे, सूखे पुदीने और बाकी सभी मसालों को एक साथ पीस लें।
- ध्यान रखें कि मिश्रण बिल्कुल बारीक हो, ताकि पानी में आसानी से घुल जाए।
- अब इसे किसी साफ और सूखे डिब्बे में भरकर रख दें।
- इस तरह आपका जलजीरा मिश्रण कई दिनों तक इस्तेमाल के लिए तैयार रहेगा।
जलजीरा बनाने का तरीका
- जब भी जलजीरा पीने का मन करे, एक गिलास ठंडे पानी में एक से दो चम्मच मिश्रण डालें।
- अच्छी तरह मिलाएं और चाहें तो कुछ बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं।
- कुछ ही सेकंड में आपकी टेस्टी ड्रिंक तैयार हो जाएगी।
गर्मी में क्यों पसंद किया जाता है जलजीरा?
- ताजगी का एहसास: तेज धूप और गर्मी में यह पेय शरीर को ठंडक और ताजगी देने में मदद करता है।
- खाने का स्वाद बढ़ाता है: कई लोग इसे भोजन से पहले या बाद में पीना पसंद करते हैं क्योंकि इसका चटपटा स्वाद मुंह का जायका बदल देता है और पाचन में भी अच्छा होता है।
- मेहमानों के लिए बढ़िया: अगर अचानक मेहमान आ जाएं, तो यह मिश्रण कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट पेय तैयार करने में मदद करता है।
स्वाद बढ़ाने के लिए क्या मिलाएं?
अगर आप स्वाद में थोड़ा बदलाव चाहते हैं, तो इसमें नींबू का रस भी मिला सकते हैं। कुछ लोग हरा पुदीना, बारीक कटा धनिया या फिर बूंदी डालकर भी इसका स्वाद बढ़ाते हैं।
जलजीरा मिश्रण बनाते समय रखें इन बातों का ध्यान
मसाले अच्छी तरह सूखे होने चाहिए, मिश्रण को हमेशा सूखे डिब्बे में रखें और गीला चम्मच इस्तेमाल करने से बचें। इसके अलावा अपनी पसंद के अनुसार तीखापन कम या ज्यादा भी कर सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





