Source :- LIVE HINDUSTAN
भारत में प्रजनन दर लगातार घट रही है और अब यह जनसंख्या को स्थिर बनाए रखने वाले स्तर से भी नीचे पहुंच चुकी है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर प्रजनन क्षमता बढ़ाने के लिए क्या किया जा सकता है।
भारत कभी तेजी से बढ़ती आबादी के लिए जाना जाता था, लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। हाल के आंकड़े बताते हैं कि देश में फर्टिलिटी रेट लगातार कम हो रही है। इसका मतलब है कि पहले के मुकाबले कम लोग माता-पिता बन रहे हैं या परिवार छोटा रखना पसंद कर रहे हैं। इसके पीछे सिर्फ एक वजह नहीं, बल्कि देर से शादी, तनाव भरी जिंदगी, खराब खानपान, कम नींद और बढ़ती स्वास्थ्य समस्याएं भी जिम्मेदार मानी जा रही हैं। यही कारण है कि आज कई कपल्स परिवार बढ़ाने की योजना बनाते समय फर्टिलिटी को लेकर सवाल पूछ रहे हैं।
क्या आपकी रोज की आदतें फर्टिलिटी पर असर डाल रही हैं?
कई बार लोग सोचते हैं कि फर्टिलिटी सिर्फ उम्र पर निर्भर करती है, जबकि सच यह है कि आपकी रोज की आदतें भी इसमें बड़ी भूमिका निभाती हैं।
- अगर रात को देर तक जागना और हर समय तनाव में रहना आपकी दिनचर्या का हिस्सा है, तो इसका असर फर्टिलिटी पर भी पड़ सकता है।
- बहुत ज्यादा या बहुत कम वजन, दोनों ही शरीर के सामान्य कामकाज को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए संतुलित वजन बनाए रखना जरूरी है।
- जब फर्टिलिटी की बात होती है तो अक्सर सारा ध्यान महिलाओं पर चला जाता है। लेकिन पुरुषों की सेहत भी उतनी ही जरूरी होती है।
खाने में पोषण बढ़ाएं, सिर्फ पेट भरना काफी नहीं
फर्टिलिटी का सीधा संबंध आपके खानपान से होता है। रोजाना हरी सब्जियां, मौसमी फल, दालें, दूध, दही, अंडे, मेवे और बीज जैसी चीजें खाने की कोशिश करें। खासकर जिंक, आयरन, फोलिक एसिड और ओमेगा-तीन जैसे पोषक तत्व पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए फायदेमंद होते हैं।
1. हरी पत्तेदार सब्जियां
पालक, मेथी, सरसों और चौलाई जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां शरीर को जरूरी पोषक तत्व देती हैं। इनमें फोलेट, आयरन और कई अहम विटामिन पाए जाते हैं, जो महिलाओं में अंडाणु और पुरुषों में शुक्राणुओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकते हैं।
2. अंडे
अंडे को प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है। इसमें ऐसे पोषक तत्व होते हैं जो शरीर की कोशिकाओं को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। फर्टिलिटी की योजना बना रहे पुरुष और महिलाएं संतुलित मात्रा में अंडे को अपने भोजन का हिस्सा बना सकते हैं।
3. अखरोट और बादाम
अखरोट, बादाम और दूसरे मेवे शरीर को हेल्दी फैट और जरूरी पोषक तत्व देते हैं। कुछ स्टडीज में पाया गया है कि अखरोट पुरुषों में शुक्राणुओं की गुणवत्ता और उनकी गति को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। वहीं महिलाओं के लिए भी ये पोषण का अच्छा स्रोत हैं।
4. ताजे फल
संतरा, अमरूद, कीवी, अनार और बेरी जैसे फल शरीर को एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन प्रदान करते हैं। ये शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। नियमित रूप से फल खाने से प्रजनन स्वास्थ्य को सहारा मिल सकता है।
5. दालें और चना
दाल, राजमा, छोले और चना जैसे खाद्य पदार्थ प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होते हैं। ये शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा देने के साथ हार्मोन संतुलन बनाए रखने में भी मदद कर सकते हैं। जो लोग मांसाहार नहीं खाते, उनके लिए यह बेहतरीन विकल्प हैं।
6. दूध, दही और पनीर
दूध से बनी चीजें कैल्शियम और प्रोटीन का अच्छा स्रोत होती हैं। संतुलित मात्रा में इनका सेवन शरीर को मजबूत बनाने और सामान्य स्वास्थ्य को बेहतर रखने में मदद करता है।
7. कद्दू के बीज
कद्दू के बीज में जिंक अच्छी मात्रा में पाया जाता है। जिंक पुरुषों में शुक्राणुओं के निर्माण और महिलाओं में प्रजनन स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है।
8. शकरकंद
शकरकंद में विटामिन और फाइबर भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। यह शरीर को जरूरी पोषण देने के साथ महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद माना जाता है।
नोट: किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए अन्य डॉक्टर से उचित सलाह ले सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN






