Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/06/09/1200x900/h_1781007862458_1781007867327_60b836e6-d997-4abc-bf72-fe8c1ed84eba.png

Kishore Kumar Kissa: किशोर कुमार का एक किस्सा आपको सुनाते हैं। ये किस्सा तब का है जब किशोर कुमार सिर्फ गाना नहीं गाते थे, फिल्मों में एक्टिंग भी किया करते थे।

डायरेक्टर ऋषिकेश मुखर्जी अपनी फिल्म ‘आनंद’ बना रहे थे। आप जब भी ‘आनंद’ फिल्म का नाम सुनते हैं, तो आपके दिमाग में राजेश खन्ना और अमिताभ बच्चन का नाम जरूर आता होगा और वो डायलॉग भी, ‘बाबूमोशाय, जिंदगी बड़ी होनी चाहिए, लंबी नहीं।’ लेकिन आपको ये बात नहीं पता होगी कि इस फिल्म के लिए ऋषिकेश मुखर्जी की पहली पसंद राजेश खन्ना नहीं, बल्कि किशोर कुमार थे।

फिर क्या हुआ?

उन दिनों किशोर कुमार का किसी बंगाली फिल्म प्रोड्यूसर के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर तगड़ा झगड़ा चल रहा था। किशोर दा ठहरे गुस्से के तेज। उन्होंने आव देखा न ताव और अपने घर के दरबान से कह दिया, ‘अब से कोई भी बंगाली प्रोड्यूसर मेरे घर आए, तो उसे अंदर मत आने देना, सीधे बाहर से ही भगा देना!’

ऋषिकेश मुखर्जी निकले बंगाली

अब किस्मत का खेल देखिए। ऋषिकेश मुखर्जी बंगाली निकले। जब वो फिल्म के सिलसिले में किशोर कुमार के घर उनसे बात करने पहुंचे, तो दरबान ने उन्हें अंदर नहीं आने दिया और गेट से ही भगा दिया। जब किशोर कुमार को इस बात का पता चला, तो उन्हें बड़ा अफसोस हुआ। वो तुरंत ऋषिकेश मुखर्जी से मिले, माफी मांगी और फिल्म ‘आनंद’ करने के लिए हामी भर दी।

किशोर कुमार को राजेश खन्ना से रिप्लेस क्यों किया गया?

इधर फिल्म की शूटिंग का दिन आ गया था और उधर किशोर कुमार के दिमाग में पुराना पेमेंट वाला विवाद अब भी घूम रहा था। इसी बीच ऋषिकेश मुखर्जी एक नया नियम ले आए। नियम ये था कि वो सभी कलाकारों को अभी आधा पेमेंट देंगे और बाकी का आधा पेमेंट शूटिंग पूरी होने के बाद देंगे।

भड़क गए किशोर कुमार

बाकी कलाकार तो मान गए, लेकिन किशोर कुमार को यह बात बिल्कुल रास नहीं आई। उन्हें लगा कि उनके साथ फिर से वही पुराना खेल हो रहा है। अगले दिन जब शूटिंग शुरू हुई और लाइट-कैमरा ऑन हुआ तब किशोर कुमार की सेट पर एंट्री हुई। उन्हें देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें फटी की फटी रह गईं, पूरे सेट पर सन्नाटा पसर गया।

ऐसा क्या हुआ था?

दरअसल, किशोर दा ने अपने सिर के आधे बाल मुंडवा लिए थे और चेहरे की आधी मूंछें भी साफ कर ली थीं। ऋषिकेश मुखर्जी ने जब उनका ये हुलिया देखा तो वो दंग रह गए। उन्होंने सिर पकड़ लिया और पूछा, ‘किशोर, ये कैसा रूप बना रखा है तुमने?’ इस पर किशोर कुमार ने बड़े ही मासूम और मजाकिया लहजे में जवाब दिया, ‘ऋषि दा, आपने पेमेंट आधा दिया है न? तो आधे पैसों में तो भाई आधा ही किशोर मिलेगा। पूरा किशोर चाहिए, तो पूरा पेमेंट करो!’ अब शूटिंग का सेट लग चुका था और किशोर कुमार का लुक खराब हो चुका था इसलिए ये रोल राजेश खन्ना के पास चला गया।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN