Source :- LIVE HINDUSTAN

नीरज चोपड़ा की वापसी कंफर्म हो गई है। वह दोहा डायमंड लीग में जलवा बिखेरेंगे। भालाफेंक स्टार ने पिछले साल इसी टूर्नामेंट में 90 मीटर का आंकड़ा पारी किया था।

भारत के भालाफेंक स्टार नीरज चोपड़ा 19 जून को होने वाली दोहा डायमंड लीग के जरिए प्रतिस्पर्धा में वापसी करेंगे। टोक्यो ओलंपिक 2020 चैंपियन और पेरिस ओलंपिक 2024 के रजत पदक विजेता चोपड़ा ने 2025 विश्व चैंपियनशिप में निराशाजनक आठवें स्थान पर रहने के बाद प्रतिस्पर्धा में हिस्सा नहीं लिया है। दोहा डायमंड लीग में भालाफेंक की प्रविष्टियों में चोपड़ा का नाम शामिल है। उन्होंने पिछले साल इसी टूर्नामेंट में 90 मीटर का आंकड़ा पारी किया था। हरियाणा के 28 वर्ष के चोपड़ा इस समय स्विटजरलैंड के बियेने में अपने फिजियो ईशान मारवाहा और कोच जय चौधरी के साथ 47 दिन के आफ सीजन अभ्यास शिविर में भाग ले रहे हैं। आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए रविवार को घोषित भारतीय एथलेटिक्स टीम में भी चोपड़ा का नाम सशर्त शामिल किया गया है। उन्हें इसके लिए भारतीय एथलेटिक्स महासंघ का 82.61 मीटर का क्वालीफिकेशन मार्क हासिल करना होगा।

डायमंड लीग में मौजूदा विश्व चैंपियन भाग लेंगे

अगर चोपड़ा ग्लास्गो में अगले महीने होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेते हैं तो भारत के तीन भालाफेंक खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे। रोहित यादव और यशवीर भारतीय एथलेटिक्स सीरिज 9 के जरिए क्वालीफाई कर चुके हैं। दोहा डायमंड लीग में मौजूदा विश्व चैंपियन त्रिनिदाद और टोबैगो के केशोर्न वालकॉट और हाल ही में रोम डायमंड लीग में 92.62 मीटर का थ्रो फेंकने वाले श्रीलंका के रूमेश तरंगा पथिरागे भाग लेंगे। पेरिस ओलंपिक चैम्पियन पाकिस्तान के अरशद नदीम का नाम सूची में नहीं है। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (सत्र का सर्वश्रेष्ठ 86 . 08 मीटर) अमेरिका के कुर्टिस थॉम्पसन (85.33 मीटर), चेक गणराज्य के याकूब वालेश (85.24 मीटर) के नाम प्रतियोगियों की सूची में हैं। चोपड़ा ने दोहा में 90.23 मीटर का थ्रो फेंका था लेकिन जर्मनी के जूलियन वेबर ने छठे और आखिरी थ्रो में 91.06 मीटर फेंककर खिताब जीता।

‘चोपड़ा पीठ की चोट से उबर चुके हैं’

चोपड़ा ने भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) से अनुरोध किया है कि राष्ट्रमंडल खेलों की पात्रता के लिए उनके आगामी प्रदर्शन को भी मान्य माना जाए। एएफआई चयन समिति के अध्यक्ष आदिल सुमरिवाला ने ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”चोपड़ा पीठ की चोट से उबर चुके हैं। वह अब पूरी तरह फिट होकर अभ्यास कर रहे हैं और संभवतः अगले 10 दिनों में प्रतियोगिता में उतरेंगे।” सुमरिवाला ने कहा, ”उन्होंने अनुरोध किया है कि वह राष्ट्रमंडल खेलों से पहले कुछ प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। वह अगर क्वालीफाइंग मानक हासिल करते हैं, तो वह कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए चयनित रहेंगे।”

SOURCE : LIVE HINDUSTAN