Source :- LIVE HINDUSTAN
कई ऐसे निवेशक हैं जो नए आईपीओ का इंतजार करते हैं। दरअसल, ये निवेशक आईपीओ पर दांव लगाकर कमाई करना चाहते हैं और कई बार इसमें सफलता भी मिलती है। आईपीओ पर दांव लगाने वाले निवेशकों के लिए अब लगातार मौके मिलेंगे। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि लीपफ्रॉग इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड के आईपीओ का इंतजार खत्म होने वाला है। इसके अलावा प्रीसिजन हार्डवेयर स्ट्रक्चर और साजो सामान बनाने वाली कंपनी लियोटेक इंडस्ट्रीज का आईपीओ भी लॉन्च होने वाला है।
लीपफ्रॉग इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड
इस कंपनी का आईपीओ 17 जून यानी बुधवार को लॉन्च हो रहा है। आईपीओ का इश्यू प्राइस 21-23 रुपये प्रति शेयर तय किया है। कंपनी के एक बयान में कहा गया है कि 88.51 करोड़ रुपये के आईपीओ में 79.60 करोड़ रुपये के लगभग 3.46 करोड़ इक्विटी शेयरों का नया इश्यू और 8.91 करोड़ रुपये के लगभग 38.75 लाख शेयरों की बिक्री की पेशकश (ओएफएस) शामिल है।
आईपीओ सदस्यता के लिए 17 जून, 2026 को बीएसई एसएमई मंच पर खुलेगा और 19 जून, 2026 को बंद होगा। बता दें कि बेंगलुरु मुख्यालय वाली इंजीनियरिंग, खरीद, निर्माण और कमीशनिंग (ईपीसीसी) कंपनी ने 384 करोड़ रुपये से अधिक की ऑर्डर बुक बनाई है। इसमें 327 करोड़ रुपये से अधिक की निर्यात परियोजनाएं शामिल हैं।
लियोटेक इंडस्ट्रीज
प्रीसिजन हार्डवेयर स्ट्रक्चर और साजो सामान बनाने वाली कंपनी लियोटेक इंडस्ट्रीज का 36 करोड़ रुपये का आईपीओ 17 जून को खुलेगा। आईपीओ के लिए बोली लगाने की प्रक्रिया 19 जून तक खुली रहेगी। इसका इश्यू प्राइस 321 रुपये तय किया गया है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि लियोटेक इंडस्ट्रीज के शेयरों को 24 जून को बीएसई एसएमई पर सूचीबद्ध किए जाने की संभावना है। इस सार्वजनिक पेशकश में नौ लाख तक नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे और प्रर्वतकों द्वारा 2.22 लाख शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाई जाएगी। नए शेयरों को जारी करने से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल मशीनरी खरीदने, कर्ज चुकाने, कार्यशील पूंजी की जरूरतों और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।
लियोटेक इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक, हितेशभाई मनसुखभाई भुवा ने कहा कि इस रकम से हमें अपनी वर्किंग कैपिटल को मजबूत करने, अपने विनिर्माण बुनियादी ढांचे का उन्नयन करने और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
ये आईपीओ भी रेस में
पारंपरिक परिधान कंपनी रियासत लाइफस्टाइल का 30.77 करोड़ रुपये का आईपीओ 18 जून को खुलेगा। कंपनी ने इसके लिए 102-108 प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। मंगलवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। कंपनी का आईपीओ बीएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर 18 जून को सार्वजनिक सदस्यता के लिए खुलेगा और 22 जून, 2026 को बंद होगा। अहमदाबाद स्थित रियासत लाइफस्टाइल पुरुषों और महिलाओं के लिए परिधान बेचने का काम करती है। यह चार नए शोरूम खोलने, वर्किंग कैपिट की जरूरतों को पूरा करने और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए पूंजी जुटा रही है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







