Source :- LIVE HINDUSTAN

मानसून सीजन आते ही बल्ब के आस-पास कीड़ों का झुंड मंडराने लगता है। ये कीड़े काट भी लेते हैं और खाने में भी गिर जाते हैं, ऐसे में इनसे छुटकारा पाने के लिए हम तरह-तरह के हिट छिड़कते हैं। आज हम आपको तेल वाला तरीका बताएंगे, जिससे कीड़े घर से भाग  जाएंगे।

मानसून का सीजन आते ही कीड़े-मकोड़े की घर में फ्री एंट्री हो जाती है। जमीन पर चीटिंया-चींटे दिखने लगते हैं और ऊपर बल्ब के आस-पास छोटे उड़ने वाले कीड़े। ये कीड़े काट भी लेते हैं और खाने में भी गिर जाते हैं। इन कीड़ों को कहर ऐसा होता है कि लाइट बंद करके बैठना पड़ता है। अगर आप भी इन बिजली वाले कीड़ों से परेशान हो चुके हैं, तो अब हम आपके लिए आसान तरीका लेकर आए हैं। यूट्यूबर अर्चना साहू ने कीड़ों को भगाने के लिए सिंपल तरीका बताया है, जिसमें आपको कुछ करना नहीं है, बस एक तेल की मदद से इन कीड़ों को भगाना है।

क्यों आ जाते हैं ये कीड़े

बरसात के मौसम में नमी से बचने के लिए ये कीड़े बल्ब के किनारे उड़ने लगते हैं। बहुत तेज सफेद या ठंडी रोशनी इन्हें अपनी ओर खींचती है और यही कारण है कि अक्सर ये बल्ब के पास दिखेंगे। इसके अलावा अगर घर के आस-पास पानी जमा रहता है, तो उसमें भी ये कीड़े पनपते हैं। फिर वही रोशनी पाकर उड़ने लगते हैं।

पन्नी वाला आसान तरीका

अर्चना साहू ने यूट्यूब पर पूरी वीडियो शेयर की है, जिसमें उन्होंने सबसे सिंपल ट्रिक बताई है। उन्होंने एक पन्नी ली और उसमें 1 चम्मच सरसों का तेल डाल दिया। इस पन्नी को बल्ब में लटका दें। इससे कीड़े पन्नी में कुछ होने की आशंका से घुसेंगे और तेल में चिपक कर मर जाएंगे। इन कीड़ों को सरसों के तेल के महक पसंद भी नहीं होती है, कुछ उसकी महक से ही दूर भागेंगे।

बल्ब पर तेल वाली ट्रिक

अगर आप पन्नी लटकाना नहीं चाहते हैं, तो एक आसान घरेलू तरीका सरसों के तेल का भी माना जाता है। इसके लिए बल्ब पर बहुत हल्की मात्रा में सरसों का तेल लगाया जा सकता है। सरसों के तेल की तेज महक कुछ उड़ने वाले कीड़ों को रोशनी के आसपास आने से कम कर सकती है, जिससे वे बल्ब के पास कम मंडराते हैं। हालांकि इसका असर हर तरह के कीड़ों पर एक जैसा नहीं होता। इस उपाय को अपनाते समय सबसे जरूरी बात सुरक्षा है। बल्ब को पहले कुछ देर के लिए बंद कर दें और पूरी तरह ठंडा होने दें, क्योंकि गरम बल्ब पर किसी भी तरह का तेल लगाना जोखिम भरा हो सकता है। इसके बाद रुई या मुलायम कपड़े की मदद से तेल की बहुत पतली परत बल्ब के बाहरी हिस्से पर हल्के हाथ से लगाएं। तेल ज्यादा मात्रा में न लगाएं और यह ध्यान रखें कि तेल बिजली के हिस्सों या होल्डर तक न पहुंचे।

कुछ बातों का रखें ध्यान

  • शाम होते ही घर के खिड़की-दरवाजों को बंद करके रखें।
  • घर के आस-पास गंदा पानी न जमा होने दें।
  • घर को सूखा और साफ रखें।
  • कमरे या फिर बाहर की लाइट कम रखें।
  • सफेद की जगह गर्म रंग की लाइट इस्तेमाल करें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN