Home World News hindi लेबनान में इजरायल ने कर दिया बड़ा हमला, US-ईरान शांति वार्ता को...

लेबनान में इजरायल ने कर दिया बड़ा हमला, US-ईरान शांति वार्ता को झटका; जेडी वेंस ने रद्द किया दौरा

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष बढ़ने के बाद स्विट्जरलैंड में होने वाली अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता फिलहाल आज के लिए टाल दी गई है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि वह आज स्विट्जरलैंड नहीं जा रहे हैं।

इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष बढ़ने और दक्षिण लेबनान में इजरायली एयरस्ट्राइक के बाद स्विट्जरलैंड में होने वाली अमेरिका और ईरान की शांति वार्ता टल गई है। इजरायली हवाई हमले में लेबनान में कम से कम 16 लोग मारे गए हैं। इजराइल की सेना ने शुक्रवार को कहा कि उसकी सेनाओं ने रातभर दक्षिणी लेबनान में विभिन्न ठिकानों पर हमले किए, जबकि हिज्बुल्ला ने क्षेत्र में भीषण लड़ाई जारी रहने की जानकारी दी है। लंबे समय के प्रयास के बाद अमेरिका और ईरान के बीच डील पक्की हुई है। इस डील पर फाइनल वार्ता स्विट्जरलैंड में होनी थी।

बता दें कि दो दिन पहले ही ईरान और अमेरिका के बीच समझौते पर डिजिटल साइन हो चुके हैं। अब स्थायी समझौते और परमाणु मसले का हल निकालने के लिए दोनों देश वार्ता शुरू करने जा रहे थे। इसके अलावा होर्मुज से निर्बाध आवागमन को लेकर भी महत्वपूर्ण वार्ता होनी थी। अमेरिकी की तरफ से वार्ता की अगुआई करने वाले उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि वह फिलहाल स्विट्जरलैंड नहीं जा रहे हैं। वाइट हाउस भविष्य में जल्द ही वार्ता शुरू करने की प्रतीक्षा में है।

इजरायल का क्या है तर्क

इजराइल का कहना है कि उसे दक्षिणी लेबनान में अपनी मौजूदगी बनाए रखने और हिज्बुल्ला के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की आवश्यकता है, क्योंकि यह संगठन उत्तरी इजराइल पर हमले करता रहा है। वार्ता स्थगित किए जाने की खबर ऐसे समय आई है जब हिज्बुल्ला समर्थक माने जाने वाले अरब उपग्रह चैनल ‘अल-मयादीन’ ने रिपोर्ट दी कि लेबनान में इजराइली सैन्य अभियान जारी रहने के कारण ईरान ने अपना प्रतिनिधिमंडल स्विट्जरलैंड भेजने में देरी करने का फैसला किया है।

मारे गए इजरायल के चार जवान

इजरायल की सेना ने शुक्रवार को बताया कि दक्षिणी लेबनान में उसके कम से कम चार सैनिक मारे गए हैं। बता दें कि गुरुवार को हिजबुल्लाह ने इजरायली सेना पर हमला किया था। इसके बाद इजरायल ने भी हवाई हमले शुरू कर दिए। गुरुवार को ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने कहा था कि उन्होंने एमओयू को मंजूरी दे दी है। इसके बाद अमेरिका ने भी नाकेबंदी खत्म कर दी थी।

इजरायल ने वार्ता से पहले ही बना ली है दूरी

अमेरिका और ईरान के बीच हुई यह डील इजरायल को रास नहीं आ रही है। इजरायल का कहना है कि उसे वार्ता में शामिल ही नहीं किया गया। इसीलिए स्विट्जरलैंड में होने वाली वार्ता में भी वह शामिल नहीं हो रहा था। इजरायल के अधिकारियों ने स्पष्ट कह दिया है कि वह इस डील को नहीं मानता और इजरायल स्वतंत्र रूप से अपनी सुरक्षा करता रहेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN