Home BUSINESS NEWS HINDI Jio के बाद रिलायंस रिटेल के IPO की बारी… मुकेश अंबानी ने...

Jio के बाद रिलायंस रिटेल के IPO की बारी… मुकेश अंबानी ने क्या दिया अपडेट?

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Reliance retail ipo: रिलायंस इंडस्ट्रीज के जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने अपने आईपीओ के लिए कदम बढ़ा दिए हैं। कंपनी के ड्राफ्ट पेपर सेबी के पास जमा कराए जाने के बाद अब रिलायंस रिटेल IPO को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, रिलायंस रिटेल IPO को लेकर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कोई समय-सीमा नहीं बताई है। इसके बजाय, उन्होंने बिजनेस के पैमाने, मुनाफे और ग्रोथ टारगेट पर जोर दिया।

रिलायंस रिटेल का क्या है प्लान?

रिलायंस रिटेल की डायरेक्टर ईशा अंबानी ने एनुअल जनरल मीटिंग में कहा कि रोजमर्रा के सामान बेचने वाली इकाई रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (आरसीपीएल) ने अगले चार वर्षों में एक लाख करोड़ रुपये का राजस्व हासिल करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि आरसीपीएल भारत के इतिहास में सबसे तेजी से बढ़ने वाला एफएमसीजी प्लेटफॉर्म है। इस कंपनी ने 22,000 करोड़ रुपये का ग्रॉस रेवेन्यू हासिल किया है और सालाना आधार पर दोगुनी वृद्धि दर्ज की है।

ईशा अंबानी ने कहा, “जो काम करने में हमारे प्रतिस्पर्धियों को दशक लग गए, उसे हमने महज चार साल में हासिल कर लिया। इसने हमें भारत के इतिहास में सबसे तेजी से बढ़ने वाले एफएमसीजी प्लेटफॉर्म में से एक और दुनिया में कहीं भी सबसे तेजी से बढ़ने वाली उपभोक्ता उत्पाद कंपनियों में से एक बना दिया है।” ईशा अंबानी ने बताया कि कंपनी के उत्पाद अब निर्यात और फ्रेंचाइजी बिक्री के माध्यम से 40 से अधिक देशों में उपलब्ध हैं।

ईशा अंबानी ने यह भी कहा कि रोजमर्रा के सामान बेचने वाली अन्य कंपनियों की तरह रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स को भी वैश्विक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे कच्चे माल और पैकेजिंग की लागत बढ़ती है। इसके साथ ही ग्लोबल चेन सप्लाई प्रभावित होती हैं। हालांकि, इस प्रभाव को उपभोक्ताओं पर डाले बिना खुद पर झेला गया।

मुकेश अंबानी ने क्या कहा?

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस रिटेल और उसकी रोजमर्रा के सामान बेचने वाली इकाई रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (आरसीपीएल) के बीच दो नए ग्रोथ को रफ्तार देने वाले प्लेटफॉर्म जोड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी पेय पदार्थों और रोजमर्रा की वस्तुओं से लेकर ताजे फल और सब्जियों तक फैला एक मैन्युफैक्चरिंग प्लेटफॉर्म तैयार कर रही है। बता दें कि करीब 20 साल पहले हैदराबाद में अपने पहले स्टोर के साथ शुरुआत करने वाली रिलायंस रिटेल अब 20,000 से अधिक स्टोर संचालित कर रही है।

मुकेश अंबानी के मुताबिक पांच वर्षों के भीतर हमने 1,000 स्टोर और एक अरब डॉलर की वार्षिक बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया था। आठ वर्षों में हम भारत के सबसे बड़े खुदरा विक्रेता बन गए। वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में हमने 20,000 स्टोर का आंकड़ा पार कर लिया। एशिया में इतने कम समय में इस मुकाम को हासिल करने वाली रिलायंस पहली कंपनी है।

बहरहाल, IPO की कोई घोषणा न होने के बावजूद भविष्य में लिस्टिंग को लेकर बाजार में चल रही अटकलें बरकरार हैं। एनालिस्ट्स रिलायंस रिटेल को भारत के सबसे कीमती अनलिस्टेड बिजनेस में से एक मानते हैं और उम्मीद करते हैं कि यह अगले कुछ साल में शेयर बाजार में लिस्ट होगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN