Home LIFESTYLE NEWS HINDI वीकेंड पर बनाएं सोया कीमा, स्वाद में चिकन कीमा को भी देगा...

वीकेंड पर बनाएं सोया कीमा, स्वाद में चिकन कीमा को भी देगा टक्कर

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Weekend Special Quick Recipe: वीकेंड पर अगर रोज वाली सब्जियों से मन भर गया है, तो इस बार मसालेदार सोया कीमा बनाकर देखिए। इसका स्वाद इतना शानदार होता है कि खाने वाले बार-बार परोसने के लिए कहेंगे।

वीकेंड आते ही ज्यादातर घरों में एक सवाल जरूर गूंजता है- ‘आज क्या स्पेशल बनेगा?’ अगर आप भी हर बार वही पनीर, छोले या दाल बनाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार सोया कीमा को मौका दीजिए। पहली नजर में यह एक साधारण-सी डिश लगती है, लेकिन जब प्याज, टमाटर और मसालों के साथ इसका स्वाद खुलकर सामने आता है, तो प्लेट देखते ही भूख दोगुना हो जाती है।

इसकी सबसे खास बात यह है कि यह स्वाद में इतना दमदार होता है कि कई लोग इसे खाने के बाद चिकन कीमा तक भूल जाते हैं। ऊपर से यह पेट भरने वाला, ताकत देने वाला और पूरी तरह शाकाहारी विकल्प है। यानी स्वाद भी और सेहत भी।

वीकेंड की स्टार डिश…

कुछ रेसिपी ऐसी होती हैं जिन्हें खाने के बाद लोग पूछते हैं, ‘ये आखिर बनाया कैसे है?’ सोया कीमा भी उन्हीं में से एक है। जब मसालेदार ग्रेवी में नरम और स्वाद से भरा सोया कीमा पकता है, तो उसकी खुशबू पूरे घर में फैल जाती है। रसोई से आती खुशबू ही बता देती है कि आज खाने की मेज पर कुछ खास आने वाला है।

सोया कीमा बनाने के लिए जरूरी सामग्री

सोया बड़ी

प्याज

टमाटर

हरी मिर्च, अदरक, लहसुन

हल्दी

लाल मिर्च

धनिया पाउडर

गरम मसाला

हरा धनिया

स्टेप बाय स्टेप रेसिपी

स्टेप 1

सोया बड़ी को गर्म पानी में कुछ देर भिगो दें। जब यह नरम हो जाए तो अच्छी तरह निचोड़ लें। अब इसे बारीक काट लें या हल्का पीस लें ताकि कीमे जैसी बनावट मिले।

स्टेप 2

एक कड़ाही में तेल गर्म करें। सबसे पहले बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब इसमें अदरक, लहसुन और हरी मिर्च भी डालें। जब खुशबू आने लगे तो टमाटर और सारे मसाले मिला दें। इसे तब तक पकाएं जब तक मसाले से तेल अलग होता ना दिखाई दे।

स्टेप 3

अब तैयार सोया को मसाले में डाल दें। इसे अच्छी तरह चलाते हुए कुछ मिनट तक पकाएं। थोड़ा पानी डालकर ढक दें ताकि मसालों का स्वाद सोया में अच्छी तरह समा जाए। करीब दस मिनट बाद आपका स्वादिष्ट सोया कीमा तैयार हो जाएगा।

परोसने का तरीका

  • एक प्लेट में सोया कीमा निकाल लें, उसके ऊपर बारीक कटा हरा धनिया और नींबू का रस डालें।
  • इसके अलावा स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें ऊपर से एक चम्मच घी या फिर थोड़ी क्रीम डाल सकते हैं, रेस्टोरेंट जैसा स्वाद मिलेगा। यह पूरी तरह ऑप्शनल है।

किसके साथ खाएं?

  1. रोटी- पराठे के साथ: अगर छुट्टी वाले दिन भरपेट खाना चाहते हैं, तो गरमा-गरम पराठे या रोटी के साथ इसका मजा लें।
  2. पाव के साथ: मसालेदार सोया कीमा और मुलायम पाव का मेल भी बहुत शानदार लगता है।
  3. चावल के साथ: साधारण चावल भी इसके साथ किसी बिरयानी से कम नहीं लगते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN