Source :- LIVE HINDUSTAN
स्किन पर ग्लो चाहिए तो सिर्फ बाहर-बाहर से नहीं, अंदर से भी काम करने की जरूरत है। स्किन डॉक्टर की बताई ये ड्रिंक आपके फेस को अंदर से ग्लोइंग बनाने में मदद करेगी। सिर्फ 3 हफ्तों में ही आपको इसके अच्छे-खासे रिजल्ट देखेंगे को मिलेंगे।
अपनी स्किन को ग्लोइंग और ब्राइट बनाने के लिए अक्सर हम हजारों रूपए खर्च कर देते हैं, लेकिन फिर भी कोई खास फायदा नहीं दिखाई देता। ऐसा इसलिए क्योंकि सिर्फ ऊपर-ऊपर से स्किनकेयर करना उतना इफेक्टिव नहीं होता, जितना आपकी डाइट होती है। अगर आपको अपनी स्किन को ब्राइट और खूबसूरत बनाना है तो अपनी डाइट में ही कुछ ऐसी चीजें एड करनी होंगी, जो अंदर से काम करती हैं। ऐसी ही एक ड्रिंक स्किन डॉक्टर माही चौधरी ने शेयर की है। डॉक्टर कहती हैं कि ये नेचुरल ड्रिंक अगर आप रोज पीना शुरू कर देते हैं, तो स्किन ग्लोइंग, ब्राइट और ब्यूटीफुल दिखने लगती है। अगर आपके चेहरे पर पिंपल या एक्ने हैं, तो वो भी कम होना शुरू हो जाते हैं और स्किन की डलनेस भी दूर होती है। आइए जानते हैं इसे बनाना कैसे है।
चेहरे का रंग साफ कर देगी ये होममेड ड्रिंक
महंगे प्रोडक्ट्स लगाने के बाद भी अगर आपकी स्किन का कलर डल दिखाई देता है, तो डॉक्टर ये ड्रिंक डाइट में शामिल करने की सलाह देती हैं। इसके लिए सारी चीजें आपकी रसोई में ही मौजूद हैं जैसे, पुदीने के पत्ते, सौंफ, दालचीनी का टुकड़ा, अदरक और जरा सा अजवाइन। इसके अलावा आप टेस्ट के लिए थोड़ा सा शहद और नींबू का रस भी मिला सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने और पीने का सही तरीका क्या है।
इस तरह तैयार करें स्किन ब्राइटनिंग ड्रिंक
इस ड्रिंक को बनाने लिए सबसे पहले एक बर्तन में दो गिलास पानी डालें। इसमें कुछ ताजा पुदीना के पत्ते तोड़कर एड करें। साथ में एक चम्मच सौंफ, एक दालचीनी का टुकड़ा, अदरक का टुकड़ा और थोड़ी सी अजवाइन एड करें। इन सभी चीजों को लगभग 15 मिनट के लिए बॉयल होने दें। गैस की फ्लेम इस दौरान धीमी रखें। पानी पकते-पकते एक गिलास के करीब बचे, तो गैस बंद कर दें। अब इस ड्रिंक को एक गिलास में छान लें, इसमें स्वाद के लिए थोड़ा सा शहद और एक नींबू का रस एड करें। जब ड्रिंक हल्की ठंडी हो जाए तो चाय की तरह सिप-सिप कर के पी लें।
कब लेनी चाहिए ये ड्रिंक?
डॉक्टर बताती हैं कि ये ड्रिंक आप सुबह उठते ही खाली पेट पी सकते हैं और फिर रात में सोने से पहले भी कंज्यूम कर सकते हैं। आपको इसे दिन में दो बार पीना है। महज तीन हफ्तों में ही आपको अपनी स्किन में फर्क साफ नजर आने लगेगा।
क्या-क्या फायदे देखने को मिलेंगे?
इस ड्रिंक में सभी चीजें ऐसी हैं, जो एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुणों से भरपूर हैं। ये आपकी गट और लिवर हेल्थ के लिए काफी फायदेमंद हैं, इसी वजह से स्किन पर भी इनका इफेक्ट साफ दिखता है। कुछ हफ्तों के रेगुलर इस्तेमाल से आपके फेस का कलर साफ होने लगता है, स्किन ज्यादा ग्लोइंग नजर आती है, डलनेस कम होती है और चेहरे पर एक्ने-पिंपल के मार्क्स भी कम होने लगते हैं।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।
(Images Credit- Pinterest, Instagram)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


