Home LIFESTYLE NEWS HINDI रोटी हो या पूड़ी-पराठे… ये 3 चीजें मिलाकर गूंथें आटा, सॉफ्ट और...

रोटी हो या पूड़ी-पराठे… ये 3 चीजें मिलाकर गूंथें आटा, सॉफ्ट और फूले-फूले बनेंगे!

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Cooking Tips: आटा गूंथते समय अगर आप ये 3 चीजें एड कर दें, तो रोटी से ले कर पूड़ी-पराठे तक, सब कुछ परफेक्ट बनेंगे। एक एक रोटी फूली-फूली बनेगी और घंटों तक सॉफ्ट रहेगी।

घर में रोटियां बनना तो रोज का काम है, लेकिन रोटी खाने में तभी अच्छी लगती हैं, जब ये एकदम सॉफ्ट और फूली-फूली बनें। ताजी रोटी तो फिर भी ठीक लगती है, लेकिन अगर आप ऑफिस या स्कूल के टिफिन की बात करें या कहीं सफर पर लंच ले जा रहे हों, तो रोटी अजीब सी हो जाती हैं। इनका मुलायमपन खत्म हो जाता है और कई बार तो ये इतनी सख्त हो जाती हैं कि खाने का का मन ही नहीं करता। ऐसे में अगर आप ये 3 चीजें आटा गूंथते हुए मिला दें, तो रोटी ऐसी बनेंगी कि खा कर मजा आ जाएगा। एकदम रुमाल जैसी सॉफ्ट और फूली-फूली। सिर्फ रोटियां ही नहीं, आप पूड़ी-पराठे के लिए भी आटा गूंथ रहे हैं तो ये 3 चीजें मिला सकते हैं। एकदम नान जैसा सॉफ्ट आटा लगेगा।

सॉफ्ट रोटी के लिए आटे में मिलाएं ये 3 चीजें

अगर आप चाहते हैं कि रोटियां लंबे समय तक बिल्कुल सॉफ्ट बनी रहें या पूड़ी-पराठे भी मुलायम रहें, तो आटा गूंथते समय ये 3 चीजें एड कर सकते हैं। सबसे पहले तो आटे में दो चम्मच के करीब देसी घी एड करें। घी आटे को एकदम मुलायम कर देता है, जिससे रोटियां भी सॉफ्ट बनी रहती हैं। इसके साथ ही आटे में एक छोटी कटोरी दही एड करें। दही से आटा हल्का सा फर्मेंट हो जाता है, जिससे वो बिल्कुल नान के आटे की तरह हो जाता है। इसकी रोटियां काफी सॉफ्ट बनती हैं।

दही के साथ-साथ एक कटोरी के करीब ही दूध भी आटे में एड करें। दूध आटे में मॉइश्चर बनाए रखता है, जिससे रोटियां सूखती नहीं है। वो देर तक मुलायम बनी रहती हैं। वहीं पूड़ी-पराठे का टेक्चर भी काफी अच्छा आता है। इन तीनों चीजों को एड करने के बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए आटा गूंथ लें।

आटा गूंथने का सही तरीका जान लें

अगर मौसम ठंडा है तो आटा गूंथने के लिए हमेशा गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। वहीं अगर गर्मियों का मौसम है तो रूम टेंपरेचर वाले पानी से भी आटा लगा सकते हैं। थोड़ा-थोड़ा कर के आटे को गूंथ लें, फिर इसमें थोड़ा सा देसी घी और एड करें। फिर से इसे अच्छी तरह गूंथ लें और पांच से दस मिनट के लिए ढककर रख दें। इतने में आटा अच्छी तरह फूलकर सेट हो जाएगा, फिर इसकी रोटी-पूड़ी और पराठे काफी बढ़िया बनेंगे।

सफर के लिए बेस्ट रहेंगी इस आटे की रोटियां

अगर आप कहीं बाहर जा रहे हैं या टिफिन के लिए रोटियां पैक कर रहे हैं, तो इस तरह से आटा गूंथकर रोटी बनाएं। ये काफी लंबे समय तक एकदम सॉफ्ट बनी रहेंगी। पूड़ी-पराठे का टेक्चर भी इस आटे से काफी अच्छा आता है।

इन बातों का ध्यान रखें

दूध और दही जल्दी खराब होने वाली चीजें हैं। ऐसे में अगर आप आटे में ये मिक्स कर रहे हैं, तो उस आटे को फ्रिज में ही स्टोर करें। बाहर रखे-रखे ये जल्दी खराब हो सकता है। इसके अलावा बहुत ज्यादा मात्रा में भी दूध-दही का इस्तेमाल करना सही नहीं है, वरना आटा ज्यादा चिपक सकता है, जिसकी रोटियां बनाना मुश्किल होता है।

नोट: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN