Home BUSINESS NEWS HINDI जमा पैसे पर 8.25% तक ब्याज दे रहे बैंक, सीनियर सिटीजन को...

जमा पैसे पर 8.25% तक ब्याज दे रहे बैंक, सीनियर सिटीजन को एक्स्ट्रा तोहफा

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

वैसे तो निवेश के कई विकल्प हैं लेकिन इनमें भी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को सबसे सुरक्षित और स्थिर रिटर्न वाला माना जाता रहा है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह निवेश का भरोसेमंद माध्यम बना हुआ है। बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच भी एफडी निवेशकों को स्थिर आय का भरोसा देती है। FD या रिकरिंग डिपॉजिट के मामले में निवेश पर मिलने वाली ब्याज दर आमतौर पर सेविंग्स अकाउंट में पैसे रखने पर मिलने वाले रिटर्न से अधिक होती है। इसलिए एक निश्चित समय और निश्चित ब्याज दर के लिए किसी फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन में एकमुश्त रकम जमा करना समझदारी है।

0.50 प्रतिशत अधिक ब्याज

जून 2026 में अधिकांश सरकारी, निजी और स्मॉल फाइनेंस बैंक वरिष्ठ नागरिकों को सामान्य ग्राहकों की तुलना में अधिक ब्याज दे रहे हैं। ज्यादातर बैंक 60 वर्ष से अधिक आयु के ग्राहकों को एफडी पर 0.50 प्रतिशत या उससे अधिक अतिरिक्त ब्याज देते हैं। कई बैंक मध्यम और लंबी अवधि की जमा योजनाओं पर वरिष्ठ नागरिकों को 8 प्रतिशत तक का रिटर्न ऑफर कर रहे हैं। वहीं सुपर सीनियर सिटिजन्स (80 वर्ष या उससे अधिक आयु) के लिए कुछ बैंक अतिरिक्त लाभ भी दे रहे हैं।

इसके अलावा, लगभग सभी बैंक रेगुलर इन्वेस्टर्स की तुलना में सीनियर सिटिजन्स को सभी टेन्योर के लिए थोड़ा ज्यादा ब्याज दर देते हैं। सीनियर सिटिजन्स के पास टैक्स-सेवर FD में इन्वेस्ट करके टैक्स बचाने का विकल्प भी होता है। उदाहरण के लिए ₹1.5 लाख तक के मूलधन और ₹50,000 तक के ब्याज वाली पांच साल की टैक्स-सेवर FD पर, रिटर्न फाइल करते समय इनकम-टैक्स एक्ट की धारा 80TTB के तहत डिडक्शन का दावा किया जा सकता है।

किस बैंक की कितनी ब्याज दर

जून 2026 में वरिष्ठ नागरिकों के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर सबसे आकर्षक ब्याज दरें स्मॉल फाइनेंस बैंकों में देखने को मिल रही हैं। सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक 8.25% तक का ब्याज दे रहे हैं जबकि निजी क्षेत्र के यस बैंक और इंडसइंड बैंक 7.75% तक की दर ऑफर कर रहे हैं। सरकारी बैंकों में केनरा बैंक 7.29%, यूनियन बैंक 7.15%, पंजाब नेशनल बैंक 7.10% (सुपर सीनियर नागरिकों के लिए 7.40%) और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) 5 से 10 साल की अवधि पर 7.05% ब्याज दे रहा है। वहीं, एचडीएफसी बैंक 7%, आईसीआईसीआई बैंक 7.10%, कोटक महिंद्रा बैंक 7.30% और एक्सिस बैंक 7.20% तक का रिटर्न दे रहे हैं।

वित्तीय सलाहकारों के अनुसार, एफडी उन लोगों के लिए बेहतर विकल्प है जो जोखिम नहीं लेना चाहते और अपनी पूंजी को सुरक्षित रखना चाहते हैं। रिटायरमेंट के बाद चिकित्सा खर्च, दैनिक जरूरतों और आकस्मिक खर्चों को पूरा करने के लिए एफडी एक भरोसेमंद वित्तीय साधन साबित होती है। इसके अलावा निवेशक अपनी जरूरत के अनुसार 7 दिन से लेकर 10 साल तक की अवधि चुन सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN