Home LIFESTYLE NEWS HINDI बालों को मिलेगा केले का पोषण और बर्गंडी शेड, 4 चीजों से...

बालों को मिलेगा केले का पोषण और बर्गंडी शेड, 4 चीजों से बना लें ये पेस्ट

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

क्या आप भी बालों को रंगना चाहते हैं, लेकिन केमिकल वाले रंगों से बचते हैं? रसोई में रखी कुछ साधारण चीजों से तैयार यह घरेलू हेयर मास्क बालों को खूबसूरत रंग देने के साथ उनकी चमक भी बढ़ा देगा। जानें इस खास नुस्खे के बारे में-

हर बार बालों को रंगने के लिए पार्लर जाना या केमिकल वाले रंगों का इस्तेमाल करना हर किसी को पसंद नहीं होता। कई लोग ऐसे ऑप्शन की तलाश में रहते हैं, जो बालों को खूबसूरत रंग देने के साथ उनकी सेहत का भी ध्यान रखे। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो यह घरेलू हेयर मास्क आपके काम आ सकता है। सबसे खास बात है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली ज्यादातर चीजें आपकी रसोई में आसानी से मिल जाएंगी।

केला, चुकंदर, मेहंदी और चाय-कॉफी का यह मिश्रण बालों को बर्गंडी रंग देने के साथ उन्हें मुलायम और चमकदार बनाने में भी मदद कर सकता है। यानी बालों को पोषण भी मिलेगा और खूबसूरत रंग भी। आइए जानते हैं इस आसान और दिलचस्प नुस्खे के बारे में।

हेयर मास्क के लिए क्या चाहिए?

दो पके केले

एक चुकंदर का रस

बालों की लंबाई के अनुसार मेहंदी

चाय और कॉफी का पानी (चाय और कॉफी का पानी बनाने के लिए एक गिलास पानी में दो चम्मच चाय की पत्ती और एक चम्मच कॉफी डालकर अच्छी तरह उबाल लें।)

मास्क तैयार करने का तरीका

  • सबसे पहले केले को अच्छी तरह मसलकर चिकना पेस्ट बना लें।
  • अब इसमें ताजा निकाला हुआ चुकंदर का रस मिलाएं।
  • इसके बाद मेहंदी पाउडर डालें।
  • आखिर में चाय और कॉफी का तैयार पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें।
  • ध्यान रखें कि पेस्ट बहुत पतला ना हो, वरना इसे बालों पर लगाना मुश्किल हो जाएगा। अब इस मिश्रण को पूरी रात ढककर रख दें।

बालों में कैसे लगाएं?

  1. अगले दिन इस मास्क को बालों की जड़ों से लेकर सिरों तक अच्छी तरह लगाएं।
  2. करीब दो घंटे तक इसे बालों में लगा रहने दें। इसके बाद सादे पानी से बाल धो लें, उसी दिन शैंपू करने से बचें।

केला क्यों है खास

  • केला सिर्फ शरीर के लिए नहीं, बालों के पोषण के लिए भी फायदेमंद है। यह बालों को नमी देने और उन्हें मुलायम बनाने में मदद करता है।
  • अगर आपके बाल अक्सर रूखे और उलझे हुए रहते हैं, तो केला उन्हें बेहतर बनाने में मदद कर सकता है।

चुकंदर का जादुई रंग

ज्यादातर लोग बालों में हल्का मरून या बर्गंडी रंग लाने के लिए चुकंदर इस्तेमाल करते हैं। इसके अलावा यह बालों में नेचुरल शाइन भी लाता है।

मेहंदी का कमाल

अगर नेचुरल तरीके से बालों को रंगने की बात हो, तो मेहंदी का नाम सबसे पहले आता है। यह बालों को रंग देने के साथ उन्हें घना और चमकदार बनाने में भी मदद करती है।

चाय और कॉफी का पानी

चाय और कॉफी का मिश्रण बालों के रंग को थोड़ा और गहरा बनाने में मदद कर सकता है। साथ ही यह बालों में एक कमाल की शाइन भी एड करता है।

नोट: यह एक घरेलू नुस्खा है। इससे मिलने वाला रंग और रिजल्ट्स हर व्यक्ति के बालों की बनावट, रंग और स्थिति के अनुसार अलग हो सकते हैं। किसी भी तरह की एलर्जी या परेशानी होने पर इसका इस्तेमाल बंद कर दें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN