Source :- LIVE HINDUSTAN
Stock Market Holiday on June 26: घरेलू शेयर बाजार, बीएसई और एनएसई मुहर्रम के त्योहार की वजह से 26 जून 2026, दिन शुक्रवार को बंद रहेगा। इस दिन स्टॉक मार्केट में कोई कारोबार नहीं होगा। यानी गुरुवार के बाद शेयर बाजार सीधा सोमवार, 29 जून को खुलेगा। शनिवार और रविवार की वजह से तीन दिन लगातार शेयर बाजार में छुट्टी रहेगी। बता दें, इस साल कुल 16 दिन शेयर बाजार में छुट्टी है। जिसमें से 9 दिन की छुट्टी बीत चुकी है।
जुलाई और अगस्त में कोई भी छुट्टी नहीं
मुहर्रम की छुट्टी के बाद घरेलू शेयर बाजारों में जुलाई और अगस्त के महीने में कोई अवकाश नहीं रहेगा। सीधा 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के दिन शेयर बाजार बंद रहेगा। सितंबर के बाद अक्टूबर के महीने में कई छुट्टियां हैं। गांधी जयंती और फिर दशहरा की छुट्टी रहेगी। गांधी जयंती की वजह से 2 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई में कारोबार नहीं होगा। वहीं, 20 अक्टूबर को दशहरा की वजह से स्टॉक मार्केट बंद रहेगा।
नवंबर में दो दिन बंद रहेगा शेयर बाजार
साल के आखिरी दो महीने में भी छुट्टियां रहेंगी। 10 नवंबर को दिवाली की छुट्टी की वजह से घरेलू शेयर बाजार बंद रहेगा। वहीं, 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव प्रकाश पर्व की छुट्टी रहेगी। इस दिन शेयर बाजारों में कोई कारोबार नहीं होगा। बता दें, 8 नवंबर को इस बार मूहूर्त ट्रेडिंग का दिन निर्धारित किया गया है।
दिसंबर के महीने में सिर्फ एक दिन की ही छुट्टी है। क्रिसमस की वजह से घरेलू शेयर बाजारों में इस दिन कोई कारोबार नहीं होगा।
घरेलू शेयर बाजारों में आज गिरावट
सोमवार को बीएसई और एनएसई बढ़त के साथ बंद हुए थे। लेकिन आज मंगलवार को दोनों बाजार गिरावट का शिकार हो गए। जिसकी वजह से निवेशकों को 6 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया। सेंसेक्स आज 893 अंक टूट गया।
ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के CEO पोनमुडी आर. ने कहा, ‘आईटी शेयरों में दो प्रतिशत से अधिक की गिरावट और रुपये की कमजोरी के साथ अमेरिका में ब्याज दरों में आगे बढ़ोतरी की आशंका से घरेलू बाजार में निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।’
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 635.91 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।
(भाषा के इनपुट के साथ)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




