Home LIFESTYLE NEWS HINDI घर पर बनाएं ऐसी मशरूम ग्रेवी, ढाबे का स्वाद भी पड़ जाएगा...

घर पर बनाएं ऐसी मशरूम ग्रेवी, ढाबे का स्वाद भी पड़ जाएगा फीका

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

रोज-रोज की आलू, लौकी और भिंडी की सब्जी खाकर बोर हो गए हैं तो इस बार ट्राई करें ढाबा स्टाइल मशरूम ग्रेवी की रेसिपी। मसालों से भरपूर यह सब्जी रोटी, नान या जीरा चावल के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है।

अगर आप उन लोगों में से हैं, जो ढाबे पर जाते ही सबसे पहले मलाईदार और मसालेदार सब्जियों का ऑर्डर देते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए है। ढाबा स्टाइल मशरूम ग्रेवी का नाम सुनते ही दिमाग में गाढ़ी, मसालों से भरपूर और खुशबूदार सब्जी की तस्वीर बन जाती है। अच्छी बात यह है कि अब इस स्वाद का मजा लेने के लिए आपको घर से बाहर जाने की जरूरत नहीं है।

कुछ आसान चीजों और सही तरीके से आप अपने किचन में ही ऐसी मशरूम ग्रेवी तैयार कर सकते हैं, जिसे खाने के बाद हर कोई यही पूछेगा, ‘यह सच में घर पर बनाई है?’ तो आइए जानते हैं ढाबा स्टाइल मशरूम ग्रेवी बनाने का आसान तरीका।

मशरूम ग्रेवी बनाने के लिए सामग्री

ढाई सौ ग्राम मशरूम

दो बड़े प्याज

तीन टमाटर

एक बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट

दो हरी मिर्च

आधा कप दही

एक छोटा चम्मच लाल मिर्च

आधा छोटा चम्मच हल्दी

एक छोटा चम्मच धनिया पाउडर

आधा छोटा चम्मच गरम मसाला

आधा छोटा चम्मच जीरा

एक छोटा चम्मच कसूरी मेथी

स्वादानुसार नमक

दो बड़े चम्मच तेल या घी

हरा धनिया सजाने के लिए

बनाने का तरीका –

स्टेप 1

  • सबसे पहले मशरूम को पानी में अच्छी तरह साफ कर लें। इसके बाद इन्हें अपनी पसंद के अनुसार दो या चार टुकड़ों में काट लें।
  • ध्यान रखें कि मशरूम को ज्यादा देर तक पानी में भिगोकर ना रखें, वरना उनका स्वाद बदल सकता है।

स्टेप 2

  • एक कड़ाही में तेल या घी गर्म करें, जीरा डालें। जैसे ही जीरा चटकने लगे, प्याज डाल दें।
  • प्याज को तब तक भूनें, जब तक उसका रंग सुनहरा ना हो जाए। अब अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें। कुछ सेकंड बाद टमाटर और हरी मिर्च भी मिला दें।
  • जब टमाटर पूरी तरह गल जाएं और मसाले से तेल अलग होने लगे, तो गैस बंद कर दें।
  • जब यह थोड़ा ठंडा हो जाए तो पीसकर चिकना पेस्ट तैयार कर लें।

स्टेप 3

  • कड़ाही में दोबारा थोड़ा तेल डालें और तैयार पेस्ट डालकर अच्छी तरह भूनें। अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक मिलाएं।
  • मसाले को धीमी आंच पर तब तक पकाएं, जब तक खुशबू आने ना लगे।
  • अब दही डालें और लगातार चलाते रहें। दही अच्छी तरह मिल जाए, तो इसमें मशरूम डाल दें।
  • मशरूम को मसाले के साथ पांच मिनट तक पकाएं। जरूरत के अनुसार पानी डालें और ढक्कन लगाकर 8-10 मिनट तक पकने दें। अंत में कसूरी मेथी और गरम मसाला डालें।

ढाबे जैसा स्वाद पाने के लिए अपनाएं यह ट्रिक

अगर आप स्वाद को और ज्यादा खास बनाना चाहते हैं, तो आखिर में एक छोटा चम्मच मक्खन डाल दें। इससे ग्रेवी का स्वाद कई गुना बढ़ जाएगा।

किसके साथ खाएं?

यह मशरूम ग्रेवी तंदूरी रोटी, बटर नान, पराठे, रूमाली रोटी और जीरा चावल के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN