Source :- LIVE HINDUSTAN
स्मॉलकैप इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी एसपीएमएल इंफ्रा लिमिटेड के शेयरों ने अपने शेयरधारकों को बंपर रिटर्न दिया है। कंपनी के शेयर पिछले 5 साल में 1500 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। एसपीएमएल इंफ्रा के शेयर इस अवधि में 12 रुपये से बढ़कर 200 रुपये के पार जा पहुंचे हैं। मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों में निवेश करने के लिए मशहूर इनवेस्टर विजय केडिया ने भी इस स्मॉलकैप इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी पर दांव लगाया हुआ है। एसपीएमएल इंफ्रा लिमिटेड (SPML Infra) के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 321.70 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 152.25 रुपये है।
विजय केडिया के पास हैं कंपनी के करीब 15 लाख शेयर
शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक विजय केडिया का एसपीएमएल इंफ्रा लिमिटेड पर बड़ा दांव है। विजय केडिया के पास एसपीएमएल इंफ्रा के 14,98,107 शेयर हैं। कंपनी में केडिया की हिस्सेदारी 1.79 पर्सेंट है। दिग्गज इनवेस्टर ने मार्च 2026 तिमाही में कंपनी पर दांव लगाया है। केडिया ने 167 रुपये प्रति शेयर के दाम पर एसपीएमएल इंफ्रा के शेयर खरीदे हैं। इस ट्रांजैक्शन की वैल्यू करीब 25 करोड़ रुपये थी। केडिया ने अपनी इनवेस्टमेंट फर्म केडिया सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड के जरिए इस इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी पर दांव लगाया है। एसपीएमएल इंफ्रा का मार्केट कैप गुरुवार को 1715 करोड़ रुपये के पार जा पहुंचा है।
1500% से ज्यादा उछल गए हैं एसपीएमएल इंफ्रा के शेयर
स्मॉलकैप इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी एसपीएमएल इंफ्रा लिमिटेड (SPML Infra) के शेयर पिछले 5 साल में 1525 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। कंपनी के शेयर 25 जून 2021 को 12.59 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 25 जून 2026 को 210.65 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पिछले 4 साल में कंपनी के शेयरों में 525 पर्सेंट से अधिक की तेजी आई है। वहीं, पिछले 3 साल में एसपीएमएल इंफ्रा के शेयर 365 पर्सेंट से ज्यादा चढ़ गए हैं। हालांकि, पिछले एक साल में कंपनी के शेयरों में 17 पर्सेंट की गिरावट देखने को मिली है।
क्या करती है एसपीएमएल इंफ्रा?
एसपीएमएल इंफ्रा लिमिटेड (SPML Infra) एक इंफ्रास्ट्रक्चर डिवेलपमेंट कंपनी है। पावर, वॉटर, एनवायरोमेंट और टेक्नोलॉजी सेक्टर्स में कंपनी का 4 दशक से ज्यादा स्पेशलाइजेशन है। कंपनी ने 700 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स पूरे किए हैं, जिनमें ड्रिंकिंग वाटर फैसिलिटीज, वेस्टवाटर ट्रीटमेंट, इंटीग्रेटेड सीवेज नेटवर्क्स, म्यूनिसिपल वेस्ट मैनेजमेंट, पावर ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन, सबस्टेशंस, रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन और स्मार्ट सिटी सॉल्यूशंस जैसे क्रिटिकल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदारी 40.33 पर्सेंट है, जबकि पब्लिक शेयरहोल्डिंग 59.67 पर्सेंट है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




